जिले में हॉट जोन से लौट रहे लोगों की कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। मंगलवार को चार लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिले में एक्टिव कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 24 हो गई है। चारों संक्रमितों में रानियां के वार्ड नंबर 4 का एक युवक, कालांवाली क्षेत्र की एक महिला, जेजे कॉलोनी का एक नाबालिग युवक और रूप नगर को 32 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वहीं एक व्यक्ति ठीक होकर घर पहुंचा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चारों संक्रमितों को जिले के कोविड-19 अस्पताल लाकर आइसोलेट कर दिया है। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 90 पहुंच गई है, जिनमें 66 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
जानकारी के अनुसार रानियां के वार्ड नंबर 4 से एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। उक्त व्यक्ति का पिछले सप्ताह खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत होने के चलते रानियां में एक निजी लैब से खून की जांच करवाई और भगत सिंह चौंक के नजदीक एक मेडिकल हॉल से दवाईयां भी खरीदी। लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने के चलते 21 जून को ऐलनाबाद के सरकारी अस्पताल में जांच करवाई। जहां पर उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया और 23 जून को आई रिपोर्ट में वह पॉजिटिव पाया गया। संक्रमित युवक एक निजी सेल्युलर कंपनी में एजेंट है और इस दौरान वह रानियां व ऐलनाबाद के लगभग 150 दुकानदारों को सिम वितरित करता रहा है। विभाग युवक के संपर्क में आए लोगों का सैंपल लेना शुरू कर दिया है और परिवारजनों व संपर्क में आने वाले 10 रानियां और 15 ऐलनाबाद के लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। प्रशासन ने रानियां के वार्ड नंबर 4 में पीपल वाली गली को कंटेनमेंट जोन में शामिल करके लोगों के आवागमन पर रोक लगा दी है और थाना प्रभारी साधु राम ने पुलिस टीम को तैनात कर दिया है।
वहीं कालांवाली क्षेत्र से पॉजिटिव पाई गई महिला की ट्रैवल हिस्ट्री दिल्ली की बताई जा रही है। पॉजिटिव आई महिला अपने पति साथ बीती 14 जून को दिल्ली से आई थी, इनके साथ ही एक अन्य महिला भी आई थी। जिनका 15 जून को सैंपल लिया गया जिसमें महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, वहीं साथ आई महिला और पति की दोबारा सैंपलिंग की गई है। ताकि पता लग सकें कि कहीं वह तो कोरोना पॉजिटिव नहीं है। साथ ही अन्य दो कोरोना पॉजिटिव केसों में सिरसा के जेजे कॉलोनी से 14 वर्षीय किशोर और रूप नगर से 32 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। रूप नगर निवासी संक्रमित की ट्रैवल हिस्ट्री कोरोना हॉट जोन मुंबई की है। वहीं जेजे कॉलोनी में मिले कोरोना पॉजिटिव युवक 21 जून को जेजे कॉलोनी से बिहार से लौटे संक्रमित युवक के संपर्क में आने के पॉजिटिव होने का अंदेशा लगाया जा रहा है। जिसका घर मंगलवार को मिले कोरोना पॉजिटिव केस के बिलकुल साथ लगता है। वहीं चोपटा क्षेत्र के जिसानियां गांव का एक संक्रमित व्यक्ति मंगलवार को कोरोना को मात देकर घर लौट गया, अब यह 14 दिन होम क्वारंटीन रहेग।
नोहरिया बाजार से हटाया कंटेनमेंट जोन
नोहरिया बाजार में निर्धारित अवधि से पूर्व कंटेनमेंट जोन खत्म करने पर क्षेत्र के व्यापारियों और निवासियों ने राहत की सांस ली है। कंटेनमेंट जोन बनने के बाद नोहरिया बाजार की सभी दुकान बंद हो गई थीं, जो पहले की लॉकडाउन के चलते दो माह बाद खुली थीं। मंगलवार को निर्धारित अवधि से पूर्व नोहरिया बाजार में कंटेनमेंट जोन खत्म कर दिया गया, व्यापारी अब अपने अपने प्रतिष्ठान खोल सकेंगे। वहीं नोहरिया बाजार से होकर रंगडी, नटार और जमाल की ओर जाने वाले लोगों को आसानी होगी।
जिले के बाहर से आने वाले तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं तो एक युवक बिहार से लौटे संक्रमित के संपर्क में आने से संक्रमित हुआ है। जिले में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने वाले अधिकतर केसों में संक्रमित की ट्रेवल हिस्ट्री कोरोना हॉट जोन एरिया की है।
- डॉ. सुरेंद्र नैन, सीएमओ, जिला नागरिक अस्पताल सिरसा।