परियोजनाओं का लोकार्पण करतीं सांसद सुनीता दुग्गल।
- फोटो : Sirsa
प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को हिसार से प्रदेश स्तरीय उद्घाटन व शिलान्यास समारोह में वीडियो कॉफ्रेंसिंग से सिरसा जिले में 5418.23 लाख रुपये की 12 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। सांसद सुनीता दुग्गल ने कार्यक्रम में बिजली निगम, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, स्थानीय शहरी निकाय की 1541.64 लाख की पांच परियोजनाओं का उद्घाटन व 3876.59 लाख की सात परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
बता दें कि लघु सचिवालय सिरसा स्थित सरल केंद्र में मंगलवार को प्रदेश स्तरीय उद्घाटन व शिलान्यास समारोह के लाइव प्रसारण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सांसद सुनीता दुग्गल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा सिरसा को 54 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 12 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास की सौगात देने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के अभी चार वर्ष और शेष हैं। इस अवधि में इतने विकास कार्य किए जाएंगे और जनसुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी, जिनके कारण हरियाणा देश का एक विकसित प्रदेश होगा। कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि नए कृषि कानून किसानों के हित में है और विपक्ष किसानों को अपनी ढाल बना कर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए कृषि कानूनों के बारे में किसानों से लगातार बातचीत जारी है और उनकी शंकाओं को दूर करते हुए किसान हित के बारे में उन्हें बताया जा रहा है। अब किसान इन कानूनों से फायदों के बारे में समझने लगे हैं। पत्रकारों द्वारा बरोदा उप चुनाव के बारे में पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए सांसद दुग्गल ने कहा कि बरोदा में भी भाजपा प्रत्याशी रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेगा। बरोदा की जनता सरकार के विकास कार्यों व नीतियों पर मोहर लगाते हुए जींद उप चुनाव की तर्ज पर बरोदा में भी कमल का फूल खिलाएगी।
सांसद दुग्गल ने इन परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास
सांसद सुनीता दुग्गल ने सरल केंद्र सिरसा में आयोजित कार्यक्रम में 1541.64 लाख रुपये की लागत की पांच विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। जिनमें गांव मौजू के ढाणी में 302.69 लाख रुपये की लागत से बने 33 केवी सब स्टेशन, गांव दड़बां में 355.20 लाख रुपये की लागत से बने 33केवी सब स्टेशन, गांव चक्कां में 420.75 लाख रुपये की लागत से बने 33 केवी सब स्टेशन का लोकार्पण किया। इसके अलावा गांव बनसुधार में 360 लाख रुपये की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व आवासीय परिसर तथा रानियां में 103 लाख रुपये की लागत से बने सामुदायिक भवन व दुकानों का उद्घाटन किया।
इसके अलावा सांसद दुग्गल ने कार्यक्रम में 3876.59 लाख रुपये की लागत की सात अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। उन्होंने 470.09 लाख रुपये की लागत से गांव ममेरा कलां व 546.26 लाख रुपये की लागत से गांव बकरियांवाली में बनने वाले 33 केवी सब स्टेशन का शिलान्यास किया। साथ ही 633.17 लाख रुपये की लागत से गांव बडागुढ़ा में बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व आवासीय परिसर के कार्य का शुभारंभ किया। इसके अलावा 878.40 लाख रुपये की लागत से खंड ओढां में कालांवाली से माखा-असीर की सड़क के अपग्रेडेशन कार्य, 456.87 लाख रुपये की लागत से खंड बडागुढ़ा में गांव बप्पां से कमाल तक की सड़क के अपग्रेडेशन कार्य, 487.62 लाख रुपये की लागत से खंड बडागुढ़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग से दौलतपुरिया वॉया रघुआना सड़क का अपग्रेडेशन तथा 404.18 लाख रुपये की लागत से गिदड़खेड़ा से अबूबशहर तक की सड़क के अपग्रेडेशन कार्य का शिलान्यास किया। इन सड़कों को चौड़ा व सुदृढ़ करने का कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत किया जाएगा।