सिरसा। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी के आह्वान पर वीरवार को रोडवेज कर्मचारियों ने बस अड्डा परिसर में प्रदर्शन किया और सरकार से कर्मचारियों की मांगें पूरी करने की मांग की। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर काफी देर तक सरकार विरोधी नारे लगाए।
प्रदर्शन की अगुवाई आल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के डिपो प्रधान चंद्रशेखर धम्मी व रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के डिपो प्रधान चंचल सिंह बिश्रोई ने संयुक्त रूप से की। कर्मचारी नेताओं ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता व कर्मचारियों से किए गए वादों को पूरा नहीं कर रही। कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करने की दिशा में भी प्रयास नहीं किए जा रहे। सरकार वादे तो करती है लेकिन सुविधा देने के नाम पर कुछ नहीं कर रही। रोडवेज में आज हजारों चालक व परिचालकों के पद रिक्त पड़े है। सरकार ने 2003 से 2014 को पक्का करने की बात कहीं लेकिन घोषणा पर किया कुछ भी नहीं। उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री ने कर्मचारियों की 18 मांगों पर सहमति जताई थी लेकिन एक को भी पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने हक के लिए लड़ाई जारी रखेंगे। इस दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की।