फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर के अच्छे दिनों की शुरुआत, इसी माह तीन टेंडर ओपन करेगी नप

Wed, 06 Jul 2016 12:53 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला सिरसा
विज्ञापन
सड़क सुरक्ष्‍ा - फोटो : Bureau
विज्ञापन
शहर के अच्छे दिन आने वाले हैं। नगर परिषद इसी माह तीन टेंडर जारी करेगी। जिसके बाद शहर की दो मुख्य सड़कों, पांच सुलभ शौचालयों का निर्माण होगा। इसके साथ स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार की उम्मीद होगी। 21 जून को शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पार्षदों ने जो समस्याएं उठाई थी, उसके बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया है। विकास कार्यों में करप्शन रोकने के लिए नगर परिषद निर्माण सामग्री का बोर्ड लगाकर लोगों को जागरूक करेगी।
विज्ञापन

करीब बारह साल पहले बने शहर के सबसे महत्वपूर्ण कालोनी रोड के साथ-साथ मार्केट कमेटी से ट्रांसफर होकर नगर परिषद के पास आई नई अनाज मंडी रोड (कालोनी रोड फाटक से कबीर चौक तक) के लिए टेंडर कॉल हुए हैं। दोनों मुख्य सड़कों पर 84 लाख रुपये खर्च होंगे। कॉलोनी रोड के क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण करवाया जाना है। यह हिस्सा पीएनबी से लेकर अन्नपूर्णा मंदिर तक है। दोनों रोड सीसी बनाई जानी है।

इसका टेंडर 15 जुलाई को खुलेगा। शहर को स्वच्छ करने के उद्देश्य से पहली बार नगर परिषद चार जगहों पर सुलभ शौचालय बनाने जा रहा है। इसके लिए जगहों का चयन करके टेंडर कॉल किए गए हैं। न्यू बस स्टैंड रोड पर बनाई जा रही पार्किंग के साथ-साथ तहसील के भीतर, बीडीपीओ कार्यालय के बाहर तथा मीना बाजार के बाहर भी सुलभ शौचालय का निर्माण होगा। इसके साथ ही नगर परिषद की दो समस्याओं का समाधान होगा। बीडीपीओ कार्यालय के बाहर शौचालय का निर्माण होने से एनएच-54 तथा एनएच-9 की के माथे पर कलंक बनी गंदगी उठ जाएगी। इसके साथ ही मीना बाजार के दुकानदारों की वर्षों पुरानी समस्या का भी समाधान हो जाएगा। उपरोक्त चारों जगहों पर प्रस्तावित सुलभ शौचालयों पर नगर परिषद साढ़े आठ लाख रुपये खर्च करेगी। इसके टेंडर आठ जुलाई को खुलेंगे। नगर परिषद की मानें तो निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद इसे नगर परिषद के कर्मचारी ही संभालेंगे। बाद में इसे ठेकेदार के जरिए चलाए जाने की योजना है।
विज्ञापन


जगमग होगा शहर
नगर परिषद शहर को जगमग करने के लिए भी योजना बनाकर उसे अमलीजामा पहनाने को आतुर दिख रही है। नगर परिषद ने शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए टेंडर कॉल किए हैं। जो 11 जुलाई को ओपन होंगे। नगर परिषद प्रति माह 80 हजार रुपये खर्च करेगी। इसके तहत संबंधित ठेकेदार को लेबर के साथ-साथ मैटीरियल भी उपलब्ध करवाना होगा।

ये रोड छूट गया
नगर परिषद को न्यू बस स्टैंड रोड की हालत पर दया नहीं आई। अकेली कॉलोनी रोड का टेंडर जारी किया है। हालांकि उक्त दोनों रोड का टेंडर काफी समय पहले जारी हुआ था, जो बाद में कैंसल कर दिया गया था। अब केवल कॉलोनी रोड बनाई जाएगी।

करप्शन रोकने की रहेगी कोशिश
करप्शन के मामले में डबवाली नगर परिषद बदनामी झेल रही है। नगर परिषद ने दाग को मिटाने का फैसला लिया है। टेंडर जारी होने के बाद जो भी सामग्री निर्माण कार्य में प्रयोग होनी है, उसके बोर्ड बनाकर संबंधित जगहों पर लगाए जाएंगे। ताकि लोग विकास कार्यों की खुद निगरानी कर सकें। इसके अतिरिक्त भाजपा की निगरानी कमेटी भी नजर रखे हुए हैं।

पार्षदों की शिकायतों पर बड़ा फैसला
पार्षदों की शिकायतों पर कार्यकारी एसडीएम तथा नगर परिषद के प्रशासक प्रशांत कुमार ने कड़ा संज्ञान लिया है। चूंकि 21 जून को नवनियुक्त पार्षदों ने शपथ ग्रहण करने के बाद शहर की समस्याओं को प्राथमिकता के तौर पर हल करवाने की मांग की थी। करीब पंद्रह दिनों की अवधि में ही प्रशासन ने शिकायतों को दूर करने का प्रयास किया है। चूंकि करीब ढाई साल से नगर परिषद बगैर हाऊस चल रही है।


ई-टेंडरिंग के जरिए टेंडर अलॉट किए जाएंगे। टेंडर के बाद दस दिन के भीतर वर्क ऑर्डर जारी करके काम शुरू करवा दिया जाएगा। विकास कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ हों, इसके लिए लोगों को जागरूक करने के लिए निर्माण कार्य में प्रयोग होने वाली सामग्री के साथ-साथ पूरी डिटेल बोर्ड के जरिए बताई जाएगी।
विज्ञापन

-जयवीर डुडी, एमई, नगर परिषद, डबवाली
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें