सिरसा मार्ग पर स्थित एक वर्कशॉप पर रिपेयर करवाते समय शॉर्ट सर्किट से ट्रक को अचानक आग लग गई। आग लगते ही जोरदार धमाके के साथ ट्रक का डीजल टैंक फट गया। इस हादसे में मिस्त्री अमरीक सिंह निवासी बालासर बुरी तरह से झुलस गया। घायल अवस्था में मिस्त्री को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। आग सूचना अग्नि शमन केंद्र रानियां में दी गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार सोमवार को दोपहर के समय जसवंत सिंह निवासी रानियां अपने ट्रक में तकनीकी खराबी के चलते शहर के सिरसा मार्ग पर स्थित वर्कशॉप पर रिपेयर करवा रहा था। रिपयेर के दौरान अचानक ट्रक के डीजल टैंक ने आग पकड़ ली और ट्रक धूं-धूं कर जलने लगा। देखते ही देखते आग ने जोर पकड़ लिया और अचानक धमाके के साथ टंकी फट गई। टंकी के फटने से निकली आग से मिस्त्री अमरीक सिंह झुलस गया। धमाके को सुन आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।