वीरवार रात चौटाला रोड पर हुए सड़क हादसे में डीएसपी सत्यपाल यादव एवं दो पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। तीनों को डबवाली के निजी अस्पताल में ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बठिंडा ले जाया गया है।
रात करीब साढ़े दस बजे डीएसपी कहीं जा रहे थे। गाड़ी को एएसआई राजिंदर चला रहा था। उनसे साथ अंगरक्षक जसपाल भी था। चालक ने चौटाला रोड से जैसे ही गाड़ी को कॉलोनी रोड की ओर ले जाने का प्रयास किया तो सिविल अस्पताल की ओर से आई पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से डीएसपी के गाड़ी डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक पुलिसकर्मी गाड़ी से बाहर सड़क पर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीएसपी की गाड़ी को टक्कर मारने के बाद पिकअप ने फास्ट फूड कॉर्नर के बाहर खड़ी रेहड़ी को रौंद दिया। वहां खड़े युवक बाल-बाल बचे। तीनों को उपचार के लिए एंबुलेंस द्वारा एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डीएसपी तथा चालक को सीटी स्कैन के लिए बठिंडा रेफर कर दिया। पिकअप चालक गाड़ी छोड़ फरार हो गया। गाड़ी में सब्जी भरी हुई है। शहर थाना प्रभारी सुखदेव सिंह के अनुसार पिकअप गाड़ी को कब्जे में लिया गया है।