जिले में 48.67 करोड़ रुपये से विभिन्न सड़कों की हालत सुधारी जाएगी और नई सड़कें बनेगी। वहीं 28 करोड़ से शहर को बारिश के पानी के जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखीं। उन्होंने चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में पूर्व उप प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल की 18 फीट की प्रतिमा का अनावरण दिया। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस दौरान उनके साथ पुरातत्व विभाग के राज्य मंत्री अनूप धानक भी उपस्थित थे। इस अवसर पर उपायुक्त अनीश यादव, कुलपति प्रो. अजमेर सिंह मलिक, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, जेजेपी जिलाध्यक्ष सर्वजीत सिंह मसीता भी उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री ने प्रतिमा के अनावरण उपरांत लोक निर्माण विभाग संबंधी सड़क सुदृढ़ कार्य की 48.67 करोड़ रुपये राशि की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन सड़कों के सुदृढीकरण कार्य प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को सातवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज योग को पूरे विश्व में त्यौहार के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में लोगों ने योग को अपना कर न केवल बचाव किया है बल्कि इससे अपने आप को स्वस्थ भी किया है।
अपने आप में संस्था दे चौ. देवीलाल : दुष्यंत
पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल अपने आप में एक संस्थान थे, जिनका पूरा राजनीतिक जीवन लोगों की भलाई के लिए समर्पित रहा। चौधरी देवीलाल की यह प्रतिमा उनके कई दशकों तक के बेहतरीन राजनीतिक जीवन के सफर को दर्शाने का काम करेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्त्रोत रहेगी। यह बात उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को स्थानीय चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में पूर्व उप प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल की 18 फुट की विशाल प्रतिमा का अनावरण करने उपरांत की।
इंडिपेंडेंटली स्टेट फंडिड प्रोग्राम से करवाया जाएगा शहर का विकास
उप मुख्यमंत्री ने शहर के विकास को लेकर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आधे शहर को अमृत योजना व शेष शहर का इंडिपेंडेंटली स्टेट फंडिड प्रोग्राम से विकास करवाया जाएगा। शहर की जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग के माध्यम से योजना बनाई गई है और अगले एक वर्ष में जलभराव की समस्या से शहर को निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के लिए 28 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
शहर में चार स्थानों पर पर पार्किंग कम कामर्शियल स्पेस होगा तैयार
शहर की चार पुरानी इमारतों जिनमें तीन स्कूल व एक थाना शामिल है। इन सबको रिमॉडल करके पीपीपी मॉडल के रूप में तैयार करने के लिए प्लॉन बनाया गया है। इससे पार्किंग कम कामर्शियल स्पेस तैयार होगा। इससे शहरवासियों को पार्किंग सुविधा मिलेगा और परिषद के राजस्व में बढ़ोतरी होगी। इसी प्रकार शहर के छोटे बड़े 52 पार्कों का गुरुग्राम की तर्ज पर व्यवस्था सुधार के साथ-साथ सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके साथ-साथ पार्कों के रखरखाव व सौंदर्यीकरण के लिए कमेटियां गठित की जाएंगी। इसके अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के लिए स्वीकृति आ चुकी है और जल्द ही इन पर कार्य शुरू हो जाएगा। इसी प्रकार आने वाले दिनों में शहर में स्ट्रीट लाइट के लिए स्काडा बेस्ड कप्यूटराइज लाइटिंग सिस्टम स्थापित किया जाएगा। जिसके लाइट की वेस्टेज नहीं होगी और रखरखाव भी बेहतर ढंग से किया जा सकेगा और इस व्यवस्था में बिजली संबंधी समस्या की 24 घंटे में रिपोर्टिंग का भी प्रावधान है।
उप मुख्यमंत्री ने इन सड़कों के सुदृढ़ कार्यों का किया शिलान्यास
उप मुख्यमंत्री ने जिन सड़कों के सुदृढ़ कार्यों का शिलांयास किया, उनमें 1275.02 लाख रुपये की लागत से चत्तरगढ़पट्टी से नेजाडेला सड़क व सुबाखेड़ा से कमाल-भादरा-कुरंगावाली सड़क, 1330.36 लाख रुपये की लागत से गांव बिज्जुवाली से अबूबशहर वाया मुन्ना वाली, गंगा रोड, 1427.86 लाख रुपये की लागत से सांवत खेड़ा से दिवानखेड़ा, खुईयांमलकाना, मलिकपुरा, रामपुरा बिश्नोईयां, झूठीखेड़ा, 834.12 लाख रुपये की लागत से केवल से पक्कां, कमाल, कालांवाली से दादू सड़क सुदृढ़ीकरण के कार्य शामिल हैं।