पेट्रोल-डीजल और अन्य खर्च बढ़ने के कारण अब ऑटो और ई रिक्शा चालकों ने भी किराया बढ़ा दिया है। यात्रियों को अब ऑटो पर यात्रा करने के लिए 10 रुपये देने की बजाए 20 रुपये अदा करने होंगे। यूनियन द्वारा तय किए नए किराए को चालकों ने सोमवार सुबह से ही वसूलना शुरू कर दिया। ऐसे में कई स्थानों पर ऑटो चालकों और यात्रियों में बहस भी होती रही।
वहीं, ऑटो और ई रिक्शा का किराया बढ़ाने की सूचना देने के लिए यूनियन के सदस्य उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। वहीं, उन्होंने नायब तहसीलदार महेंद्र सिंह को बढ़े हुए किराए का पत्र सौंपा और मामले की जानकारी दी। यूनियन प्रधान कुलदीप वाल्मीकि ने कहा कि लंबे समय से उन्हें आर्थिक रुप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों की पासिंग फीस, लाइसेंस, पेट्रोल, डीजल और अन्य हर प्रकार के खर्च बढ़ने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जिसके चलते अब उन्होंने ऑटो और ई रिक्शा का किराया बढ़ाया है। इस मौके पर सुरेश कुमार, रमेश कुमार, राजू, हरी, चंदी उपस्थित रहे।