गर्मी में राहगीरों को शीतल जल पिलाते हुए
सिरसा। पिछले तीन दिनों से सिरसा जिला प्रदेशभर में सबसे ज्यादा तप रहा है। बुधवार को जिला का अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहा। इस कारण पूरे दिन लू का प्रकोप रहा और लोग दोपहर में घरों में दुबकने को विवश हो गए। मौसम विभाग के अनुसार, भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से निजात मिलने की अभी कोई उम्मीद भी नजर नहीं आ रही है।
17 जून तक इसी प्रकार भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। गर्मी के चलते शहर में सुबह 9 बजे से तेज धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ानी शुरू कर दीं। सुबह 11 बजे के बाद हवा के साथ लू का प्रकोप बढ़ने से सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। उधर, लू के थपेड़ों का असर बाजार कारोबार और अन्य क्षेत्रों पर भी पड़ रहा है। दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक ग्राहकी न के बराबर है। दिन में भीषण गर्मी के चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से निकल रहे हैं। उसमें भी वे सावधानी बरत रहे हैं।
शाम तक बाजार से ग्राहक गायब
वहीं, फल बेचने वालों को भी गर्मी से नुकसान उठाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी से शाम होते-होते फल सड़ जाते हैं, लेकिन ग्राहक नहीं आते। बाजार में व्यापारियों का भी यही हाल है। रोड़ी बाजार व सदर बाजार के दुकानदारों का कहना है कि गर्मी के कारण धंधा मंदा है। ग्राहक बाजार से गायब हैं। लोगों की आवाजाही चिलचिलाती धूप में थम सी गई है।
इस प्रकार बढ़ा तापमान -
तारीख , अधिकतम , न्यूनतम
10 जून - 46.2 डिग्री , 30.2 डिग्री
9 जून - 46.4 डिग्री, 29.8 डिग्री
8 जून - 45.8, 30.2 डिग्री
7 जून - 44, 28 डिग्री
6 जून - 40, 27.2 डिग्री
5 जून - 36.4 ,23.2 डिग्री