सात करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से सिरसा के मिनी बाईपास का सुधार व नवीनीकरण होगा। दोनों ओर फुटपाथ का निर्माण होगा तथा डिवाइडर पर लोहे की ग्रिल लगाकर उसके अंदर सुंदर व हरे भरे पौधे लगाए जाएंगे, जिससे सिरसा शहर भव्य व सुंदर नजर आएगा। यह बात शनिवार को सीएम के राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा ने कहा।
चोपड़ा शनिवार को चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के मुख्यद्वार के पास मिनी बाईपास के सुधारीकरण व नवीनीकरण के कार्य की नींव रख कर शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस सड़क का डिजाइन इस ढंग से बनाया जाएगा कि यह सड़क सिरसा की सबसे सुंदर व हरी भरी होगी, क्योंकि सड़क के बीचों बीच पांच किलोमीटर से अधिक हरियाली करने के लिए पौधों के साथ-साथ फूल भी लगाए जाएंगे। चोपड़ा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने इसके लिए सवा सात करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। सिरसा के दिल्ली पुल से लेकर अजय विहार पुल तक सिरसा मेजर नहर को कवर्ड किया जाएगा। मिनी बाईपास शहर का एकमात्र ऐसा मार्ग होगा जिसके डिवाइडर के बीच में पौधे लगाए जाएंगे। सिरसा मेजर नहर को लंबे समय से अंडरग्राउंड करने की मांग की जा रही थी क्योंकि नहर के आसपास आबादी विकसित होने से नहर में कुछ लोग गंदगी डालते हैं इसकी वजह से पानी दूषित हो जाता है। उन्होंने बताया कि इस नहर के आस पास तीन वाटर वर्क्स बने हुए हैं और दूषित पानी इन वाटर वक्र्सं में पहुंचता है जहां से शहर को सप्लाई होती है। इस नहर को कवर्ड करने से लोगों को स्वच्छ पीने का पानी मिलेगा और दूषित पानी से निजात मिलेगी।
इस अवसर पर महिला विकास निगम की अध्यक्षा रेणु शर्मा, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष गुरदेव सिंह राही, जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह, पूर्व विधायक मनीराम केहरवाला, अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के सदस्य रत्नलाल बामणिया, वरिष्ठ भाजपा नेता डा. वेद बैनीवाल, श्याम बजाज, आशा रानी जैन, सागर केहरवाला, हनुमान कुंड्डु, डॉ. भीम सिंह, चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राधेश्याम शर्मा, सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।