फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरसा प्रदेश का पहला संपूर्ण स्वच्छ जिला घोषित

Sun, 18 Sep 2016 01:26 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सिरसा
विज्ञापन
अभियान - फोटो : bureau
विज्ञापन
केंद्रीय ग्रामीण विकास, पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शनिवार को चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के बहुद्देश्यीय हॉल में आयोजित स्वच्छता दिवस समारोह में सिरसा जिले को हरियाणा का पहला खुले में शौच मुक्त जिला (ग्रामीण) घोषित करते हुए जिले को 20 लाख, सभी सात खंडों को पांच-पांच लाख रुपये और सभी 338 ग्राम पंचायतों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा के कृषि, विकास एवं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने की। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह विर्क, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा भी मौजूद थे। समारोह में करीब छह हजार लोग उपस्थित थे।
विज्ञापन

मुख्यातिथि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता विषय पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने जिला परिषद अध्यक्ष रेणु बाना, बड़ागुढा, डबवाली, ऐलनाबाद, नाथूसरी चोपटा, ओढां, रानियां और सिरसा खंडों के पंचायत समिति अध्यक्षों के अलावा सुल्तानपुरिया की पंचायत को जिले में अव्वल आने पर सम्मानित किया। इनके अलावा उन्होंने जिले के सभी गांवों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। इस मौके पर उपस्थित जन को संपूर्ण स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में गौरव रैली निकाली गई, जिसे केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सोहणा सिरसा नाम से आयोजित कार्यक्रम के मुख्यातिथि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने संपूर्ण स्वच्छ जिला बनने पर सिरसा के लोगों, जन-प्रतिनिधियों और प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो अक्टूबर 2014 को गांधी जयंती पर देश भर में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया था और उनका एक ही सपना है कि 2019 तक पूरा देश खुले में शौच से मुक्त होकर संपूर्ण स्वच्छ बने और हम विकासशील देश से विकसित देश बनने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ा सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरियाणा संपूर्ण स्वच्छता का लक्ष्य दिसंबर 2017 तक ही पूरा कर लेगा।


विकसित भारत देना है
उन्होंने कहा कि हमें आने वाली पीढ़ी को विकासशील नहीं, विकसित देश देना है। इसके लिए हर व्यक्ति को स्वच्छता अभियान में सहयोग देना होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अकेले सरकार या प्रशासन का काम नहीं, बल्कि इसे सबकी सक्रिय भागीदारी से ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा स्वच्छता अभियान में देश का नेतृत्व करते हुए तेजी से लक्ष्य की प्राप्ति की ओर बढ़ रहा है।
विज्ञापन



स्वच्छता का स्तर विकसित देशों की तुलना में बहुत कम
कृषि, विकास एवं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि आज देश में पंचायत सदस्य से लेकर प्रधानमंत्री तक सबका एक ही सपना है कि हमारा देश संपूर्ण स्वच्छ बने। जिस भावना से हम इस कार्य में लगे हुए हैं, उससे जल्द ही हम लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो हम भारत माता की जय बोलते हैं और उसे सुंदर बताते हुए उसका गुणगान करते हैं, लेकिन व्यवहारिकता में हमारे लोग रेल की पटरियों पर शौच को जाते हैं, हमारे चारों ओर कूड़े के ढेर लगे हैं। हमें अपनी मानसिकता में बदलाव लाना होगा। उन्होंने आह्वान किया कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर हम ये संकल्प लें कि हम प्रधानमंत्री के स्वच्छता के सपने को पूरा करने में व्यक्तिगत सहयोग करेंगे।


आठ जिलों खुले में शौच से मुक्ति की होगी घोषणा
मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह विर्क ने जिले के ओडीएफ होने पर पंचायतों, निगरानी कमेटियों व प्रशासन को बधाई देते हुए एक नवंबर तक आठ और जिलों को खुले में शौच से मुक्त होने की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में पढ़े-लिखे लोगों के निर्वाचन का फैसला करके प्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लिया था जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी है, जिससे स्वच्छता अभियान को तेजी से चलाने में काफी मदद मिली है।


सिरसा बना देश का 19वां संपूर्ण स्वच्छ जिला
पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय के सचिव परमेश्वरण अय्यर ने कहा कि सिरसा देश का 19वां संपूर्ण स्वच्छ जिला बन गया है। इसके लिए उन्होंने जिला उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ की विशेष रूप से सराहना की।


अंतिम छोर पर बसा सिरसा हर अभियान में प्रथम
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सिरसा जिला प्रदेश के अंतिम छोर पर जरूर पड़ता है, लेकिन प्रदेश में चलाए जाने वाले हर अभियान में यह पहले स्थान पर रहता है। इसके लिए उन्होंने जिलावासी होने के नाते गर्व का अनुभव किया और लोगों को बधाई दी।


सफलता के पीछे निगरानी कमेटी सदस्यों की मेहनत
उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने बताया कि जिले में जुलाई-2015 में संपूर्ण स्वच्छता अभियान शुरू किया गया था। इसके तहत पहले 29 गांवों का चयन किया गया। फिर खंड और जिले को शामिल करते हुए पूरे जिले को ओडीएफ बनाया गया। उन्होंने कहा कि 5000 से अधिक निगरानी कमेटी सदस्यों की मेहनत के कारण ही आज जिला की सभी 338 ग्राम पंचायतें संपूर्ण स्वच्छ बन चुकी हैं।


विश्व बैंक के साथ शुरू होगा नॉलेज शेयरिंग कार्यक्रम
अतिरिक्त मुख्य सचिव नवराज संधू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जिलावासियों ने सवा साल से कम समय में ही वो कर दिखाया, जो कभी नामुमकिन लगता था। उन्होंने कहा कि विश्व बैंक के साथ नॉलेज शेयरिंग कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिसके तहत अन्य जिलों, राज्यों व देशों के लोग यहां चलाए गए अभियान से प्रेरणा लेंगे। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2017 तक प्रदेश के सभी जिलों को ओडीएफ घोषित कर दिया जाएगा।
ये रहे मौजूद
पंचायत विभाग के निदेशक अशोक मीणा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अजय सिंह तोमर, फतेहाबाद के अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जेके आभीर, जींद की अतिरिक्त उपायुक्त आमना तस्नीम, एसडीएम डॉ. संगीता तेतरवाल, प्रदीप दहिया, परमजीत सिंह चहल, सीटीएम डॉ. वेद बैनीवाल, डीडीपीओ प्रीतपाल सिंह, चेयरमैन पवन बैनीवाल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमीरचंद मेहता, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम बजाज, शीशपाल कंबोज, आदित्य चौटाला, जीकेएस मेहता व अशोक कुमार, जिला राजस्व अधिकारी अमीचंद सैनी, लेखाकार मक्खन सिंह, सरपंच आत्मा राम सहित सभी सरपंच, पंच, पंचायत समिति सदस्य व गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें