संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। सिंगल यूज प्लास्टिक पर जुलाई 2022 में केंद्र सरकार ने सरकारी विभागों को कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। मंगलवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व नगर परिषद की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पॉलिथीन रखने पर तीन दुकानदारों के चालान काटे। टीम ने लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ हरिप्रसाद व नगर परिषद डबवाली के अधिकारियों ने बाजारों में चालान किए और दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए जागरूक किया। जनरल स्टोर से लेकर अन्य दुकानों पर प्लास्टिक की जांच की गई। इस दौरान एक-एक किलोग्राम और पांच किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक दुकानों से मिला। तीन दुकानदारों के दो किलो 300 ग्राम, 10 किलोग्राम और आठ किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक के चालान किए गए।
इस प्रकार होता है चालान
- 100 ग्राम तक 500 रुपये
- 101 से 500 ग्राम तक 1500 रुपये
- 501 ग्राम से एक किलो तक 3000 रुपये
- एक किलो ग्राम से अधिक पांच किलोग्राम तक 10,000 रुपये
- पांच किलोग्राम से अधिक 10 किलोग्राम तक 20,000 रुपये
- 10 किलोग्राम से अधिक 25,000 रुपये
सिंगल यूज प्लास्टिक का विकल्प देना प्रशासन का कार्य
सिंगल यूज प्लास्टिक का विकल्प दुकानदारों के पास पहुंचाने का कार्य प्रशासनिक अधिकारियों को दिया गया है। इससे लघु उद्योग को बढ़ावा मिलता है। जैसे प्लास्टिक के विकल्प के रूप में कागज या कपड़े का बैग मुहैया करवाया जाएगा। इसके अलावा शादियों, पार्टियों आदि में प्रयोग होने वाले सिंगल यूज प्लास्टिक को पूर्णतया बंद करवाया जाना है। इस दिशा में अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।
वर्जन : सिंगल यूज प्लास्टिक के तीन चालान किए गए हैं। इसके लिए नगर परिषद के अधिकारियों के साथ निरंतर अभियान जारी रहेगा। - हरिप्रसाद, एसडीओ, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड।