आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के एक कपड़ा शोरूम में कार्यरत सेल्समैन पर उसके मालिक ने स्टील के रॉड से हमला कर दिया। शहर थाना पुलिस ने आरोपी मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस को दिए बयान में अस्पताल में उपचाराधीन श्रवण कुमार निवासी न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी ने बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से शहर स्थित जैक एंड जोन्स शोरूम में सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। श्रवण कुमार के अनुसार, उसने 6 जुलाई को अपने मालिक आशीष कुमार निवासी हिसार को सूचित कर दिया था कि वह जुलाई माह तक ही नौकरी करेगा और अगले महीने से काम पर नहीं आएगा।
आरोप है कि 12 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे मालिक शोरूम पर आया। उस समय वह अपने नियमित कार्य में व्यस्त था। बाद में करीब साढ़े तीन बजे मालिक ने उसे बेसमेंट स्थित कार्यालय में बुलाया जहां उसके साथ गाली-गलौज की। जब उसने इसका विरोध किया तो मालिक कथित रूप से गुस्से में आ गया और स्टील के रॉड से उसपर हमला कर दिया।
शोर मचाने पर साथी कर्मचारियों ने उसे छुड़ाया। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद वह वहां से घर पहुंचा और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले आए। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी आशीष कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।