नगर परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण
- फोटो : संवाद
सिरसा नगर परिषद अध्यक्ष वीर शांति स्वरूप ने शुक्रवार को कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान पांच कर्मचारी छुट्टी पर थे, जबकि नौ कर्मचारी कार्यालय में मौजूद नहीं थे। इनमें से पांच कर्मचारी फील्ड वर्क पर थे, जो फोन पर बुलाने पर कार्यालय पहुंच गए, जबकि चार कर्मचारी बिना अनुमति के गैरहाजिर मिले।
बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले जेई और टेक्निकल एडवाइजर सहित चार कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अध्यक्ष वीर शांति स्वरूप ने स्पष्ट किया कि यदि कर्मचारियों का जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो उन पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद आम जनता से सीधे जुड़ा हुआ विभाग है, जहां रोजाना शहरवासियों के विभिन्न कार्यों के लिए आने की उम्मीद होती है। ऐसे में अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहना जरूरी है ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।