सिरसा। लोकसभा चुनाव 2024 में जिला सिरसा की शत प्रतिशत चुनावी भागीदारी की मुहिम में जिले के व्यापारिक संगठन व दुकानदार भी आमजन को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने के लिए अपना योगदान दे रहे हैं। मतदाता अपना वोट डालने के बाद इन प्रतिष्ठानों पर अपनी स्याही लगी उंगली दिखाकर सामान पर प्रतिष्ठान द्वारा निर्धारित छूट प्राप्त कर सकता है।
स्वीप के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ. विवेक भारती ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी आरके सिंह के निर्देशानुसार सिरसा के अनेक दुकानदारों ने जिला के मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए अपने सामान पर छूट देने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि जय कपीश फोटो स्टेशनरी से 25 व 26 मई को स्टेशनरी की खरीदारी पर उपभोक्ता 20 प्रतिशत की छूट प्राप्त कर सकेंगे। इसी प्रकार राजेश बुक पैलेस, सरदाना बुक डिपो व ए टू जेड स्टेशनरी एंड गिफ्ट शॉप पर 25 से 27 मई तक स्टेशनरी की खरीददारी पर उपभोक्ता क्रमश: 10 प्रतिशत की छूट, बही स्टोर कागजी व राजू बुक डिपो द्वारा 25 मई को 15 प्रतिशत की छूट, मैसर्ज शंकर बही स्टोर द्वारा 25 मई को 10 प्रतिशत की छूट, अमर फोटो स्टूडियो द्वारा 25 मई से 4 जून तक कार्य करवाने पर 20 प्रतिशत की छूट, भगवती इंटरप्राइजेज द्वारा 25 मई को एक हजार रुपये से अधिक की खरीद पर 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
इसके अलावा तन्नू फुटवियर द्वारा 25 से 27 मई तक 3 प्रतिशत की छूट, एसके फुटवियर द्वारा 25 से 27 मई तक 2 प्रतिशत की छूट, रोहित शू कलेक्शन द्वारा 25 से 27 मई तक खरीद पर आकर्षक उपहार दिए जाएंगे। साथ ही श्री बीकानेर मिष्ठान भंडार द्वारा 25 से 27 मई तक मिठाइयों पर 5 प्रतिशत की छूट, लवली स्वीट्स व बजाज स्वीट्स द्वारा 25 व 26 मई को मिठाइयों पर 5 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। उन्होंने बताया कि ओएचएम सिरसा द्वारा 25 मई को 100 रुपये फूड वाउचर पर छूट दी जा रही है।