सिरसा। महाशिवरात्रि पर बुधवार को नगर के सभी शिवालयों में भगवान शिव के भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारे के साथ जलाभिषेक किया। भक्तों ने हरिद्वार से कांवड़ लाकर शिव चौक मंदिर से लेकर बाबा तारा कुटिया में सुबह छह बजे से जलाभिषेक करना शुरू कर दिया।
वहीं, बाबा तारा कुटिया में हवन का आयोजन किया गया। हवन में पूर्व मंत्री गोपाल कांडा, कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा सपरिवार मौजूद रहे। सभी श्रद्धालुओं ने सुख, शांति, समृद्धि और सर्वमंगल कामना को लेकर हवन में आहुतियां डाली। इस मौके पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जहां पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कुटिया के मुख्यद्वार तक श्रद्धालुओं की कतार लगी हुई थी।
श्री बाबा तारा कुटिया में समाधि परिसर के पास यज्ञशाला में सुबह छह बजे हवन का आयोजन किया गया। जिसे पंडित दीपांशु व्यास, पंडित शंकरलाल शर्मा, पंडित ओमप्रकाश शर्मा, पंडित संदीप शर्मा ने हवन संपन्न करवाया। सभी ने सुख, शांति, समृद्धि और सर्वमंगल कामना को लेकर हवन में आहुतियां डाली।
बम बम भोले के नारे के साथ कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालु
महाशिवरात्रि पर शिव भक्तों को लेकर विशेष व्यवस्था मंदिरों में की गई थी। मंदिरों में जलाभिषेक के लिए व्यवस्था की। सुबह पांच बजे से ही लंबी लाइनें मंदिरों के बाहर देखने को मिलीं। महिलाओं से लेकर युवाओं की भीड़ मंदिरों में उमड़ी। हरिद्वार से जल लेकर कांवड़िये सुबह से लेकर 12 बजे तक जलाभिषेक करने में लगे। वहीं, मंदिर में बम-बम भोले के नारे कांवड़ लेकर आए श्रद्धालु लगाते नजर आए।
शहर में कई जगह लगे भंडारे
महाशिवरात्रि पर शहर में कई जगहों पर भंडारे लगाए गए। शिव चौक से आगे वाल्मीकि चौक पर लोगों ने भंडारा लगाया। वहीं, बाबा तारा कुटिया में भंडारे का आयोजन हुआ। वहीं, शहर के अन्य मुख्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं के लिए भंडारे लगाए गए।