सिरसा। गांव चौबुर्जा निवासी सत्यनारायण उर्फ मोमन सैनी ने अपने बेटे के साले पर दोस्तों के साथ मिलकर जानलेवा हमला करने पर शहर थाने में मामला दर्ज करवाया है। घटना शहर के गोशाला मोहल्ले की है।
शिकायतकर्ता सत्यनारायण ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके बड़े बेटे संदीप की शादी गोशाला मोहल्ला निवासी सिलोचना के साथ छह साल पहले हुई थी। उसकी बहू पिछले तीन-चार माह से आपस में मनमुटाव के चलते अपने मायके में रह रही है। वह सिरसा की एक मिल में मिस्त्री का कार्य करता है।
22 फरवरी को वह ड्यूटी पर था तो उसके पास संदीप का साला सुरजीत सैनी आया और गाली-गलौज करने लगा। वहां मौजूद दूसरे कर्मचारियों के कहने पर सुरजीत वहां से चला गया। सत्यनारायण के अनुसार उसे इस घटना की जानकारी अपने बेटे संदीप को दी जिसके बाद संदीप, उसका छोटा बेटा राहुल व भतीजा प्रवीण दो बाइक लेकर उसे लेने के लिए आए। इस दौरान संदीप ने कहा कि सुरजीत उनका रिश्तेदार है। उससे बैठकर बात करते हैं।
इस पर वे चारों अपनी बाइक पर सवार होकर सुरजीत के घर जाने लगे। गोशाला मोहल्ला के सामने गली में मुड़ने लगे तभी वहां सुरजीत अपने दोस्तों राकेश बागड़ी व दीपू नाई के साथ अपने हाथों में डंडा लिए खड़ा था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाए कि सुरजीत ने उनका रास्ता रोककर अपने हाथ में लिया डंडा संदीप के सिर में मारा जिससे संदीप बाइक से नीचे गिर गया। फिर आरोपियों ने संदीप सहित उन पर भी लाठी-डंडो से हमला कर दिया। लोगों को एकत्रित होते देख आरोपी घटना स्थल से भाग गए।
जिसके बाद घायल संदीप को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिसके बाद वे मरहम पट्टी के बाद संदीप को गांव ले गए।