बाबा तारा कुटिया में तैयारियों का जायजा लेते हुए गोबिंद कांडा।
सिरसा। बाबा तारा कुटिया में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में 25 फरवरी से दो मार्च तक पहली बार शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने कार्यक्रम में तीन लाख लोगों के आने का दावा किया है। दूसरे राज्यों से आने वाले 25,000 श्रद्धालुओं के खाने-पीने और ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। कुटिया परिसर में नलकूप लगाकर 200 से अधिक शौचालय बनाए जा रहे हैं। आयोजन स्थल और आसपास के पार्कों में 75 बड़े पर्दे लगाए जा रहे हैं।
यह कुटिया 25 एकड़ में फैली है। इस संत निवास को बिजली चालित लड़ियों से आकर्षक तरीके से संवारा जा रहा है। सत्संग स्थल का विस्तार किया जा रहा है। कुटिया समेत आसपास के पार्कों में रंग रोशन, सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। संपूर्ण गुफा का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। गुफा की भव्यता बढ़ेगी।
इसमें सीहोर वाले पंडित प्रदीप मिश्रा कथा प्रवचन करेंगे। वह हरियाणा में पहली बार सिरसा में कथा प्रवचन करने आ रहे हैं। दावा है कि विश्व में उनके लाखों अनुयायी हैं। भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने बताया कि इस कुटिया में देश के प्रख्यात कथावाचक, भजन गायक आ चुके हैं। कुटिया में श्रीमद्भागवत कथा और श्रीराम कथा हो चुकी है लेकिन महाशिवपुराण कथा पहली बार हो रही है।