शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस पर बुधवार को जिले भर में समारोह आयोजित किए गए। कहीं पर नाटकों के माध्यम से मौजूदा हालात पर तंज करते हुए लोगों से शहीदों के सपनों को साकार करने का संकल्प लिया तो कही पर रक्तदान कर शहीदों को श्रद्धाजंलि दी गई। बच्चों ने पौधारोपण किया मंगाला में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा ने बुधवार को शहीदी दिवस के अवसर पर शहीद भगत सिंह चौक पर उनकी मूर्ति पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद भगत सिंह, राजगुरू, सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया। इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महान अमर सपूत एंव बलिदानी भगत सिंह ने नाम के स्मरण मात्र से ही प्रत्येक भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है तथा उनके प्रति श्रद्धा व आदर भाव से मन नतमस्तक हो जाता है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने शक्ति का अर्थ कभी हिंसा नहीं माना। इस अवसर पर उनके साथ माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष गुरदेव सिंह राही, शीशपाल कंबोज, रेणु शर्मा, प्रदीप सचदेवा, सुरेंद्र कुमार, तिलकराज नायक आदि उपस्थित थे।