संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए चलाई जा रही बरसाती परियोजना-2 अब सीवरेज व्यवस्था के लिए चुनौती बन गई है। परियोजना के तहत शहर के विभिन्न बाजारों में नई लाइनें बिछाने के दौरान कई जगह पुरानी सीवरेज लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और मैनहोल के चैंबर भी प्रभावित हुए हैं।
इससे दुकानदारों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासियों की समस्या को देखते हुए नगर परिषद ने अब सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने की योजना तैयार की है। इसके तहत 42 लाख रुपये की लागत से क्षतिग्रस्त सीवरेज लाइनों और खराब मैनहोलों की मरम्मत करवाई जाएगी। नगर परिषद की ओर से इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।
नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत कार्य के दौरान खराब हो चुके मैनहोल चैंबरों को ठीक किया जाएगा। साथ ही इनमें जमा गाद और अन्य सामग्री को निकालकर पूरी तरह खाली करवाया जाएगा ताकि सीवरेज का प्रवाह सुचारु रूप से चल सके। इसके अलावा जहां-जहां नई लाइन डालने के दौरान पुरानी सीवरेज लाइन को नुकसान पहुंचा है, वहां उनकी मरम्मत की जाएगी।
मुख्य बाजारों में चल रहा बरसाती परियोजना का काम : बरसाती परियोजना-2 के तहत शहर के मुख्य बाजार क्षेत्रों में नई लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य बरसात के समय होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करना है। निर्माण कार्य से कई स्थानों पर सीवरेज व्यवस्था प्रभावित हुई है।
पेयजल लाइन व अन्य दिक्कतें भी सामने आ रही हैं। इन समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर वह कदम उठाएंगे।