10 डेयरी संचालकों को नोटिस किए जारी
फोटो 18,19
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के डेयरी क्षेत्र में सीवरेज की गंभीर समस्या लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कई इलाकों में बार-बार सफाई के बावजूद सीवरेज लाइनें फिर से अवरुद्ध हो रही हैं। इससे स्थानीय निवासियों और डेयरी संचालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जन स्वास्थ्य विभाग और आमजन से शिकायत मिलने के बाद नगर परिषद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अब तक करीब दस डेयरियों को नोटिस जारी किए हैं लेकिन इसके बावजूद समस्या पूरी तरह से हल नहीं हो सकी है। सीवरेज बार-बार जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। इससे आसपास के क्षेत्रों में बदबू और अस्वच्छता का माहौल बना हुआ है।
गली नंबर 4 मेला ग्राउंड के राकेश कुमार व अन्य लोगों ने बताया कि विभाग के कर्मचारी रोज गली में आते हैं फिर भी स्थायी समाधान नहीं कर रहे। सभी अधिकारियों को विभिन्न माध्यमों से सूचित किया जा चुका है। उसके बाद भी समाधान नहीं है।
इसी प्रकार, गोशाला मोहल्ला एरिया में लोगों को सीवरेज समस्या से जूझना पड़ रहा है। जहां बरसात के समय पर अधिकारी सीवरेज समस्या के समाधान का दावा करते है। वहीं, सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या अभी बनी हुई है। अधिकारियों की मानें तो कई एरिया में डेयरी होने के कारण गोबर की वजह से सीवरेज लाइनें ब्लॉक हो रही हैं। इसको लेकर नगर परिषद को पत्र लिखा गया है।
रानियां रोड पर खराब हुई थी लाइन
वर्ष 2025 में रानियां रोड पर मुख्य सीवरेज लाइन खराब हो गई थी। लाइन खराब होने पर अधिकारियों का तर्क था कि गोबर के कारण बनने वाली केमिकल प्रक्रिया और गैस के कारण पाइप कमजोर हो गई। इस कारण लाइन टूट गई।
कोट्स
10 के आसपास डेयरी संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। शिकायतों के साथ-साथ नियमित रूप से विभाग भी नोटिस जारी कर रहा है।
-जयवीर सिंह, सीएसआई, नगर परिषद।