जनता भवन रोड़ पर धरना लगाकर बैठे किसान।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। डीएपी खाद न मिलने के कारण किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है। जिसके कारण किसानों की ओर से रोड जाम कर प्रदर्शन किया जा रहा है। शुक्रवार को भी सोसायटी कर्मचारियों ने किसानों को खाद नहीं दी तो किसानों ने निजी दुकान की तरफ जा रहे डीएपी से भरे ट्रक के समक्ष धरना दे दिया। किसानों का कहना था कि जब तक खाद नहीं मिलती, तब तक वे रोड नहीं खोलेंगे। करीब तीन घंटे बाद कृषि विभाग के क्वालिटी कंट्रोलर अधिकारी किसानों के बीच पहुंचे और खाद के टोकन देकर शनिवार को खाद ले जाने के आश्वासन दिया जिसके बाद किसानों ने जाम खोल दिया।
जनता भवन रोड पर सुबह 10 बजे किसान डीएपी लेने पहुंचे। किसानों की बढ़ती संख्या देख खाद ना होने की बात कहकर सोसायटी के अधिकारी कार्यालय को बंद कर चले गए। गुस्साए किसानों ने जनता भवन रोड पर जाम लगा दिया और डीएपी खाद लेने की मांग करने लगे। किसान सुरजीत सिंह बेगू, जयचंद, इंद्रपाल, रणजीत सिंह ने कहा कि सरकार किसानों को बेवजह परेशान कर रही है। मामला बिगड़ता देख कृषि विभाग के क्वालिटी कंट्रोल सुखदेव सिंह किसानों के बीच पहुंचे और मामलेे की जानकारी ली। किसानों का कहना था कि बीते वीरवार को सोसायटी में खाद का वितरण हो रहा था और अधिकारी पर्याप्त मात्रा में खाद होने की बात कह रहे थे। तो रात में खाद कहा चली गई। सुखदेव सिंह ने कहा कि खाद का स्टॉक खत्म हो गया है अब शनिवार को इसका स्टॉक पहुंचेगा। किसानों को शांत करने के लिए उन्होंने खाद के टोकन वितरित किए।
मंडी की अन्य दुकानों पर खाद लेने के लिए लगी लंबी लाइनें
डीएपी खाद लेने के लिए सिरसा अनाज मंडी में स्थित निजी दुकानों पर किसानों की लंबी लाइनें लग रही हैं। खाद लेने के लिए किसान पूरा दिन स्टॉक खत्म होने तक लाइनों में लगे रहते हैं। घंटों लाइन में लगने के बाद भी उन्हें जरूरत के अनुसार खाद नहीं मिल रही हैं। वहीं बिजाई का समय निकला जा रहा है।
आवश्यकता अनुसार किसानों को खाद दी जा रही है। जाम लगाने वाले किसानों को समझा दिया है और टोकन बांट दिए हैं। जिसके बाद उन किसानों को शनिवार को खाद वितरित की जाएगी।
-सुखदेव सिंह, क्वालिटी कंट्रोलर, कृषि विभाग सिरसा
जनता भवन रोड पर डीएपी से भरे ट्रक के आगे धरना लगाकर बैठे किसान।- फोटो : Sirsa