डबवाली में नाका लगाकर वाहनों की जांच करते पुलिस कर्मी।
डबवाली। डबवाली जोन में पड़ने वाले सभी एरिया में पुलिस ने सिलिंग प्लान अभियान चलाया। इस अभियान के तहत डबवाली, कालांवाली, ओढां पुलिस की टीमों ने 650 वाहनों की जांच की। इस दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर 32 वाहनों के चालान किए।
डबवाली पुलिस द्वारा अलग-2 मोटर वाहन अधिनियम के तहत विभिन्न धाराओं के तहत चालान किए गए। जिसमे ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट, लाइन चेंज, गलत पार्किंग, सीट बेल्ट नहीं लगाना, बिना नंबर प्लेट, बिना पैटर्न नंबर प्लेट आदि के तहत चालान किए गए। अभियान के दौरान पुलिस टीम पूरी तरह चौकस व सतर्क नजर आई। इस अभियान का उद्देश्य आमजन में पुलिस की मौजूदगी दर्ज कराना है, ताकि आमजन अपने आपको सुरक्षित महसूस करें।
करीब 4 घंटे तक चले अभियान के दौरान सभी राइडर/पीसीआर निरंतर गश्त में रहे। पुलिस द्वारा डबवाली के भीड़भाड़ वाले बाजार, कालांवाली व सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष रूप से पुलिस बल को तैनात किया गया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने नाकाबंदी व चैकिंग के दौरान मिलने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की गहनता से जांच की गई है। पुलिस ने आमजन से भी सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग की अपील की। अभियान में पुलिस अधीक्षक डबवाली सिद्धांत जैन, उप पुलिस अधीक्षक डबवाली रमेश कुमार, उप पुलिस अधीक्षक कालांवाली राजीव कुमार व उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय किशोरी लाल के नेतृत्व में चलाया गया।