संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पुलिस ने वीरवार को जिलेभर में सीलिंग प्लान अभियान चलाया गया। पुलिस ने 68 स्थानों पर नाके लगाए गए। इस दौरान पुलिस ने 495 वाहनों की जांच की तथा यातायात नियमों की अवहेलना करने पर 158 वाहनों के चालान भी काटे। पुलिस अधीक्षक उदय सिंह मीणा ने अभियान के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली की जांच की।
वीरवार को पूरे जिले में सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक सिलिंग प्लान अभियान चलाया गया। इसमें शामिल 51 मोटरसाइकिल राइडर्स तथा 56 पेट्रोलिंग पार्टियों ने भाग लेकर आपराधिक किस्म के लोगों तथा गैरकानूनी धंधे करने वालों पर पैनी नजर रखी। पुलिस अधीक्षक उदय सिंह मीणा ने शहर सिरसा, सिविल लाइन सिरसा तथा सदर सिरसा सहित अनेक थाना क्षेत्रों में जाकर इस अभियान का नेतृत्व किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अभियान के दौरान मादक पदार्थ तस्करों, संपत्ति विरूद्ध अपराधियों, अवैध असलहा धारकों तथा विभिन्न मामलों में वांछित भगोड़ों के खिलाफ अभियान चलाया गया। जिले के साथ लगती पंजाब और राजस्थान सीमा पर नियमित नाकों के अलावा संदिग्ध मार्गों पर भी नाकाबंदी कर बॉर्डर को पूरी तरह से सील किया गया। सीलिंग प्लान का उद्देश्य आपराधिक किस्म के लोगों पर कारगर ढंग से अंकुश लगाना है, ताकि वे किसी आपराधिक वारदात को अंजाम न दे पाए।