संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। एसडीएम राजेंद्र कुमार जांगड़ा ने वीरवार को नगर परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 15 कर्मचारी गैर हाजिर मिले। हालांकि कुछ कर्मचारी फील्ड में थे, जबकि कुछ चंडीगढ़ में गए हुए थे। इस पर एसडीएम न मूवमेंट रजिस्टर मंगाकर जांच की। अब जो भी गैरहाजिर मिला है, उसे स्पष्टीकरण नोटिस भेजा जाएगा।
नगर परिषद की ओर से चुनाव करवाए जाने हैं। इसलिए मतदाता सूची नई तैयार की गई है। मतदाता सूची का प्रकाशन होने के बाद अब आमजन से आपत्तियां मांगी गई हैं। ऐसे में निर्धारित किया गया था कि एसडीएम आमजन की मतदाता सूची को लेकर आपत्तियों पर सुनवाई करेंगे। इसके लिए वीरवार सुबह का समय निर्धारित किया गया था। लेकिन एसडीएम व्यस्तता के कारण नहीं आए। दोपहर बाद अचानक एसडीएम नगर परिषद कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने सभी ब्रांचों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई सीटें खाली मिलीं। एसडीएम राजेंद्र कुमार ने सभी कर्मचारियों को नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी के कार्यालय में बुलाया और बातचीत की। इसके साथ ही मूवमेंट रजिस्टर भी मंगवाया। कर्मचारियों ने बताया कि कुछ कर्मचारी डीसी साहब के साथ फील्ड में गए हुए है कि जबकि कुछ कर्मचारी चंडीगढ़ गए हैं। ऐसे में अन्य गैर हाजिर कर्मचारियों को अब एसडीएम की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।
दोपहर से पहले एसडीएम ने किया बाजारों का निरीक्षण
एसडीएम राजेंद्र कुमार ने दोपहर से पहले विभिन्न बाजारों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न तरह की अपडेट ली और बातचीत की। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संदीप मलिक और एक्सईएन प्रवीण दलाल भी साथ थे।
डीसी ने दिए स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
उपायुक्त ने जिले की सभी पांच अर्बन लोकल बॉडी में खराब करीब 28 हजार स्ट्रीट लाइट के प्वाइंटको तुरंत ठीक करने संबंधी निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने बताया कि इस संबंध में सर्वे का कार्य भी पूरा हो चुका है, जिसकी रिपोर्ट आनी शेष है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी शहरी क्षेत्रों की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त रहे, इसी के मद्देनजर सभी स्ट्रीट लाइट पोल की मार्किंग करने, खराब या टूटे पोल को बदलने, खराब लाइटों को ठीक करने संबंधी निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने स्वयं दो दिन पहले शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था चैक की थी तथा खराब प्वाइंटों को तुरंत ठीक करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए थे।
नहीं चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
नगर परिषद की ओर से दावा किया गया था कि जल्द ही बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में बाजारों में मुनादी भी करवा दी गई है, लेकिन अधिकारियों की व्यस्तता के कारण अभियान अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।
देखिए, नगर परिषद कार्यालय का निरीक्षण किया गया है। जो कर्मचारी गैर हाजिर मिले हैं, उनका रिव्यू करवाया जाएगा। मूवमेंट रजिस्टर की जांच के बाद जो भी गैर हाजिर कर्मचारियों को नोटिस जारी किया जाएगा।मतदाता सूची की जो भी आपत्तियां आई हैं, उनका समाधान कर दिया जाएगा।
राजेंद्र कुमार जांगड़ा, एसडीएम