संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। डबवाली के महिला थाना में पारिवारिक मामले को लेकर आए लड़की पक्ष के सदस्यों ने जांच अधिकारी महिला पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई कर दी। महिला पुलिसकर्मी ने सरकारी काम में बाधा डालने और अभद्र शब्दों का उपयोग करने के आरोप लगा डबवाली शहर थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
तलवंडी साबो निवासी निशा ने अपने पति बलविंद्र पर हर रोज मारपीट करने के आरोप लगा पुलिस को शिकायत दी थी, जिसके बाद वह अपने मायके में रह रही थी। निशा की नौ माह की बेटी उसके पति बलविंद्र सिंह के पास थी। लड़ाई झगड़े के मामले को सुलझाने के लिए महिला थाने की जांच अधिकारी कमला देवी ने दोनों पक्षों को रविवार को थाने में बुलाया और सुलह करवाने का प्रयास किया। महिला पक्ष के सदस्यों ने बेटी भी दिए जाने की मांग उठाई। महिला जांच अधिकारी ने इस मामले को लेकर कार्रवाई किए जाने की बात कह बेटी लेने के लिए कोर्ट में जाने को कहा।
इसको लड़की पक्ष के सदस्यों और जांच अधिकारी में कहासुनी हो गई। जांच अधिकारी कमला देवी ने आरोप लगाया कि लड़की के पिता सुरजीत सिंह ने जांच के दौरान उनसे दस्तावेज ले लिए और बाहर जाने का प्रयास करने लगे। महिला जांच अधिकारी ने वह कागज वापस लेने का प्रयास किया, तो उनके परिवार के सदस्यों ने हाथापाई करनी शुरू कर दी।
इसके बाद जांच अधिकारी ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार लड़की के पिता सुरजीत सिंह, लड़की के चाचा राजा सिंह, बिचौलिए बलविंद्र सिंह, निशा, और उसकी मां नीलम के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
महिला थाने की जांच अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार करने और हाथापाई किए जाने पर पांच के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले के मुख्य आरोपी सुरजीत सिंह को पकड़ लिया गया है।
सत्यवान शर्मा, शहर थाना प्रभारी, डबवाली ।