संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राष्ट्रीय मुख्यालय के तत्वावधान में 22 से 26 जनवरी तक कन्नड़ भवन, मुडाब्रेडे (कर्नाटक) में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर में सिरसा के स्काउट्स एवं गाइड्स ने हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती प्रदान की। प्रतिभागियों के बीच हरियाणवी लोक संस्कृति की झलक ने ध्यान आकर्षित किया।
शिविर के पहले दो दिनों में उद्घाटन समारोह सहित विभिन्न गतिविधियों के दौरान सिरसा के प्रतिभागियों ने लोक परंपराओं, वेशभूषा और सांस्कृतिक मूल्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। दूसरे दिन आयोजित स्टेट एक्सपोजिशन, हमारे त्योहार, लोक गीत और राज्य प्रदर्शनी में स्काउट्स-गाइड्स ने हरियाणा की समृद्ध संस्कृति को मंच पर उतारकर सराहना प्राप्त की। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेद सिंह ढाका, सुधीर कौशिक, स्टाफ सदस्यों, अभिभावकों तथा जिला सचिव सुखदेव सिंह ने प्रतिभागियों को बधाई दी। डीओसी स्काउट्स इंदर सैन, डीओसी गाइड्स उषा गुप्ता, बीओसी पवन कुमार सिरसा, जगदीश चांदोरा और सुशील कुमार हैड मास्टर ने भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
यह शिविर राज्य मुख्यालय एवं जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है। शिविर में हरियाणा राज्य की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुड़ियाखेड़ा के 21 सदस्यीय दल ने भाग लिया, जिसका नेतृत्व जिला कंटीजेंट लीडर आनंद प्रकाश कारगवाल ने किया।