कालांवाली के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक प्रवीण द्वारा छात्रा के साथ अश्लील बातचीत करने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षा विभाग के निदेशक को रिपोर्ट भेज दी है। रिपोर्ट में आरोपी शिक्षक के खिलाफ गंभीर आरोप पाए जाने को लेकर सस्पेंशन की कार्रवाई की अनुशंसा की है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने इसकी कॉपी डीसी को भी भेजी है। वहीं दूसरी ओर एसडीएम शालिनी चेतल ने भी अपनी रिपोर्ट डीसी को भेज दी है। डीसी ने शिक्षा निदेशालय को आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए लिखा है। जानकारी अनुसार बीते दिनों एसडीएम शालिनी चेतल व जिला शिक्षा अधिकारी की टीम ने स्कूल में स्टाफ व छात्राओं के बयान दर्ज किए। हालांकि स्टाफ ने आरोपी शिक्षक प्रवीण के प्रति कोई शिकायत नहीं की। वहीं कुछ छात्राओं ने बयान लिखवाए हैं कि आरोपी शिक्षक स्कूल में फोन पर ही बातें करता रहता था।
शहर के एक राजकीय स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा और स्कूल के ही एक शिक्षक प्रवीण की मोबाइल फोन पर अश्लील बातचीत की ऑडियो वायरल होने और छात्रा द्वारा छेड़छाड़ का पत्र भेजने के मामले की जांच करने के लिए डीसी सिरसा के निर्देश पर सोमवार को एसडीएम सिरसा शालिनी चेतल और जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चौहान स्कूल में पहुंची। इस दौरान उन्होंने स्कूल प्रिंसिपल, स्कूल स्टाफ सदस्यों, स्कूल की कक्षा नौंवी से बारहवीं तक की छात्राओं के बयान दर्ज किए। लेकिन किसी भी छात्रा ने अपने साथ ऐसी किसी भी घटना से इंकार कर दिया। वहीं इस दौरान शहरवासियों ने एकत्रित होकर स्कूल में धरना लगाकर आरोपी शिक्षक पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। सोमवार रात को आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। साथ ही छात्रा के ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज करवाए गए।
एसडीएम ने रिपोर्ट भेजी थी। प्राथमिक जांच में आरोपी शिक्षक दोषी है, उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए शिक्षा निदेशालय को लिख दिया गया है।
- अशोक कुमार गर्ग, डीसी सिरसा।
अभी जांच जारी है। लेकिन प्राथमिक जांच में शिक्षक के ऊपर लगे आरोप गंभीर हैं। इसलिए उसके खिलाफ सस्पेंशन की कार्रवाई के शिक्षा निदेशालय को लिख दिया गया है।
- राजेश चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा।