रानियां खंड के गांव मैहनाखेड़ा के सरपंच द्वारा ग्राम सचिव के फर्जी हस्ताक्षर करके लाखों रुपये की राशि का गबन करने के मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर के आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा 8 लाख से अधिक राशि का गबन किए जाने का एक और मामला उजागर हुआ है।
इस बारे में थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि मैहनाखेड़ा के ग्राम सचिव जंगीर सिंह द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि गांव के सरपंच द्वारा गांव के विकास के लिए आए पंचायती फंड में रखी अनेक स्कीमों की राशि को निकालकर गबन किया गया है। ग्राम सचिव ने बताया कि वे गांव के विकास कार्यों का ब्योरा देख रहे थे तो उन्हें शक हुआ जिसके बाद उन्होंने रानियां के एक्सिस बैंक में जाकर पंचायत खाते की पूरी जांच पड़ताल की। जिसमें कई चेक के माध्यम से पंचायत के खाते से राशि निकलवाई हुई थी। ग्राम सचिव के फर्जी हस्ताक्षर किए हुए थे। सचिव के अनुसार गांव के सरपंच ने फर्जी हस्ताक्षर कर 17 चेक द्वारा एक्सिस बैंक से 1379300 रुपये की राशि का गबन किया है। सचिव की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
8 लाख का दूसरा मामला उजागर : गांव मैहनाखेड़ा के सरपंच द्वारा किए गए गबन का एक और दूसरा मामला जिसमें आठ लाख से अधिक राशि का है। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि ग्राम सचिव जंगीर सिंह ने वीरवार देर शाम एक और शिकायत दर्ज करवाई है। जिसमें 16 चेक के माध्यम से सरपंच ने 837580 लाख रुपये का गबन अन्य बैंक से किया है। गांव के सरपंच ने कुल 2216880 लाख रुपये का गबन का मामला सामने आ रहा है। पुलिस की ओर से इस मामले की भी जांच की जा रही है।