रानियां। गांव सादेवाला के सरपंच पर ग्रामीणों ने विकास कार्यों में गड़बड़ी व श्री गुरुद्वारा साहिब की जमीन पर कब्जा करने के आरोप लगाए हैं। सोमवार को एकत्रित हो ग्रामीण बीडीपीओ कार्यालय रानियां में पहुंचे। कार्यालय में पहुंचने पर जब किसी अधिकारी ने उनकी बात नहीं सुनी तो ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को अधिकारियों ने उन्हें बुलाया था, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई है। यहां आकर पता चला कि बीडीपीओ छुट्टी पर हैं। ग्रामीण भाग सिंह, सुखविंदर सिंह ने बताया कि श्री गुरुद्वारा साहिब की दो कनाल जमीन में से सरपंच 10 मरले जमीन पर कब्जा करने की फिराक में है। सुखविंद्र सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि सरपंच के देवर ने उसे गाड़ी से कुचलने की कोशिश की।
इस पर उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में इंसाफ की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रानियां थाना प्रभारी की ड्यूटी लगाई। वहीं, ग्रामीण आद सिंह सहित अन्य ने बताया कि गांव में वाल्मीकि समाज की चौपाल है। उसकी चहारदीवारी की गई है, उसमें धांधली की गई है। साहिब राम ने बताया कि सरपंच ने गली की पैमाइश के बहाने पर 50 गरीब लोगों के मकान गिरा दिए हैं। गली निर्माण में धांधली बरती गई है। एक अन्य ग्रामीण ने बताया कि कब्रिस्तान से मिट्टी उठाई जा रही है।
-ग्रामीणों के सभी आरोप बेबुनियाद हैं। जब पंचायत के संज्ञान में आया कि कब्रिस्तान से कई लोग मिट्टी उठाकर ले जा रहें है। इस पर संज्ञान लेते हुए गांव में मुनादी करवाई गई। जिसने भी वहां से मिट्टी उठाई उस पर जुर्माना कार्रवाई की जाएगी। वहीं, श्री गुरुद्वारा साहिब की जमीन पर कब्जा करने की बात सरासर गलत है। गुरुद्वारा के साथ गांव की पंचायत की जमीन लगती है। इस जमीन पर पंचायत की सहमति से सुंदरीकरण किया गया है। गली की पैमाइश गलत करने की बात है तो इन लोगों ने पंचायती जमीन पर कब्जा किया हुआ था, जिसे छुड़वाया गया है।-
शालू वर्मा, सरपंच।