जिले में 750 मीट्रिक टन कचरे की नहीं हुई उठान, तीन दिन आगे बढ़ी हड़ताल
बारिश के मौसम में घरों में कचरा रखना हुआ मुश्किल
फोटो 33
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आगामी तीन दिन और आगे बढ़ा दी गई है। ऐसे में शनिवार को जब नगर परिषद प्रशासन ने डोर-टू-डोर उठान के लिए कार्य शुरू करवाना चाहा तो यूनियन प्रधान से लेकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों ने डोर-टू-डोर की गाड़ियों को पुराने नगर परिषद कार्यालय से बाहर नहीं निकलने दिया।
साथ ही प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ऐसे में बारिश के मौसम में उठान का कार्य नहीं हो पाया। बारिश के मौसम में लोग घरों में कूड़े को संग्रहित कर नहीं रख सकते हैं। न ही डंपिंग प्वाइंटों में कचरे को रखा जा सकता है। बारिश के मौसम में बदबू भरा माहौल बन जाता है।
यही कारण है कि नगर परिषद व पालिका प्रशासन की ओर से कचरा उठान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। रात के समय भी कचरा उठाने के कार्य को किया गया है। इसके बावजूद जिले भर में 750 मीट्रिक टन कचरे की उठान नहीं हो पाई है।
हड़ताल की अध्यक्षता कर रहे नगर पालिका कर्मचारी संघ सिरसा इकाई प्रधान नरेश चौहान, सचिव वीरेंद्र अटवाल, राज्य नेता बलवंत सरबट व राज्य के शहर सचिव जिला के प्रधान मनोज अटवाल ने कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। ऐसे में ठेकेदार शहर में सफाई करने का प्रयास कर रहे है, जो सही नहीं है।
उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी कर्मचारी को डराया या धमकाया नहीं जाएगा वह अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। यदि इस हक और अधिकार की लड़ाई में कोई भी बाधा उत्पन्न करेगा। उसका जिम्मेदार स्वयं होगा। सरकार की बार-बार वादाखिलाफी और बार-बार फैसला करके मुकरने की इस आदत से कर्मचारी परेशान हो गए हैं।