- 3 अगस्त को नगर परिषद कार्यालय होगा बंद, सभी कर्मचारियों व संगठनों को अपने साथ जोड़कर करेंगे विरोध प्रदर्शन
26 दिनों की हड़ताल में आमजन बेहाल, कचरा बना आफत तो बीमारियां लगी बढ़ने
फोटो 32,33,34
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। 26 दिनों से चली आ रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। शहर के डंपिंग पाॅइंटों से कचरा उठाने को लेकर प्रशासन और कर्मचारी आमने-सामने हो चुके हैं। अब आगामी दो दिनों तक सफाई कर्मचारियों ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है।
सफाई कर्मचारी अब दो दिनों तक डोर-टू-डोर जाकर लोगों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों से समर्थन की अपील करेंगे। इतना ही नहीं, नगर परिषद के एचकेआरएन व नियमित स्तर पर लगे कर्मचारियों को अपने साथ जोड़ने का प्रयास करेंगे।
इसी कड़ी में, सभी के सहयोग से 3 अगस्त को बड़े स्तर पर हड़ताल की जाएगी। नगर परिषद व पालिकाओं में काम पूरी तरह से बंद रहेगा। जहां सफाई कर्मचारी अपनी अलग रणनीति पर काम करने की योजना बना रहे है। वहीं, नगर परिषद प्रशासन ने भी नई योजना पर काम शुरू कर दिया है।
बस स्टैंड के पास 100 मीटर तक कचरा न फैले और सड़कों पर कचरा न आए। इसको लेकर दीवार बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बस स्टैंड डंपिंग पॉइंट पर नगर परिषद की ओर से दीवार बनवाई जा रही है ताकि डंपिंग पाॅइंटों पर डाला कचरा सड़कों पर न आए।
जगह-जगह सड़कों पर कचरा ही कचरा
शहर के 10 से 12 मुख्य डंपिंग पाॅइंटों पर भले ही प्रशासन ने पूरी तरह से फोकस किया हुआ है। यहां से उठान हो रही है। दूसरी ओर बाजारों व कॉलोनियों में बने डंपिंग पाॅइंटों और खाली प्लाॅटों पर कचरे के ढेर लगे हैं। सड़कों पर भी झाड़ू नहीं लगी है। मजबूरन लोगों को कचरा जलाना पड़ रहा है। जनता भवन रोड पर दुकानदार डिवाइडरों के साथ कचरा डालकर आग लगा रहे हैं। इसी प्रकार पुल के साथ खाली प्लाॅट में डाले गए कचरे में आग लगाई जा रही।
एक दिन झाड़ू उठाकर पार्षद हुए चुप
सफाई पर जिला नगर आयुक्त के बैठक करने के बाद एक दिन 32 पार्षदों में से एक पार्षद ने अपना जोश दिखाया। कॉलोनी की एक या दो गली में झाड़ू लगाई। उसके बाद किसी ने कोई जहमत नहीं उठाई। हर कोई सफाई न होने पर प्रशासन और सरकार को उनकी जिम्मेदारी याद दिला रहा है। स्वयं अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं कर रहे हैं।
सरकारी आवास से लेकर कोठियाें के आसपास नहीं है गंदगी
भले ही शहर की सड़कों और बाजारों में गदंगी व कचरा नजर आता हो। सरकारी आवासीय कॉलोनियों में पूरी तरह से सफाई नजर आ रही है। रोड स्वीपिंग मशीन नियमित रूप से कॉलोनी व लघु सचिवालय परिसर क्षेत्र में सफाई कर रही है। अधिकारियों के आवासों के आसपास कहीं भी नजर नहीं आता है कि सफाई कर्मचारी हड़ताल पर है।