वर्षों से खस्ताहाल पड़ी सड़कों की रिपेयरिंग के लिए वर्ष 2016 में दोसौ किलोमीटर सड़क की रिपेयरिंग के लिए 50 करोड़ की राशि को मंजूरी मिली। अब तक 60 किलोमीटर की रिपेयरिंग का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष 140 किलोमीटर सड़क की रिपेयरिंग का कार्य जून के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। मार्च में कुछ और सड़कों के निर्माण और रिपेयरिंग का एस्टिमेट तैयार किया जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद ये कार्य भी 2017 में आरंभ हो जाएंगे। इसके अलावा मार्केटिंग बोर्ड की ओर से भी सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा।
जिले की खस्ताहाल सड़कें पिछले 12 वर्षों से अपने हाल पर आंसू बहा रही हैं। सड़कों के मामले में वर्ष 2016 में भी कोई खास काम नहीं हो पाया। इस वर्ष बीएंडआर विभाग के पास 50 करोड़ की राशि आई, जिससे जिलेभर में 200 किलोमीटर की सड़कों की रिपेयरिंग की जानी थी। राशि आने में कुछ देरी लगी, इसीलिए कार्य भी देरी से शुरू हो पाए। अब तक 50 में से 15 करोड़ की राशि खर्च हुई है, जिससे करीब 60 किलोमीटर की सड़कों की रिपेयरिंग हो पाई है।
अधिकतर सड़कों की हालत खस्ता
शहरी क्षेत्र हो या फिर ग्रामीण सभी स्थानों पर अधिकतर सड़कों की दशा दयनीय है। पिछले करीब 12 वर्षों से सड़कों की अनदेखी हुई है। खासकर गांवों की लिंक रोड कोई सुध नहीं ले रहा। नेशनल और स्टेट हाईवे की स्थिति ठीक है, लेकिन छोटे मार्गों के अलावा शहरी सड़कों के गड्ढे नहीं भरे गए हैं। लोगों को हिचकोले वाली सड़कों पर सफर करते कई वर्ष हो गए।
नेशनल हाईवे का हुआ निर्माण शुरू
जालंधर से सिरसा नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य भी इसी वर्ष शुरू हुआ। पंजाब सीमा से सटे गांव मुसाहिब वाला से नेजाडेला कलां तक रोड का निर्माण 2016 की शुरुआत में हुआ था। उम्मीद है कि इस रोड का निर्माण कार्य वर्ष 2017 के शुरुआती दो माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसी प्रकार इस वर्ष हिसार से डबवाली फोरलेन का निर्माण कार्य जोरों पर रहा। वर्ष 2017 के अंत तक इस रोड के निर्माण कार्य के संपन्न होने की उम्मीद है।
गांवों में मार्केटिंग बोर्ड और शहरों में नप ने भी करवाया निर्माण
बीएंडआर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में मार्केटिंग बोर्ड की ओर से सड़कों के निर्माण कार्य करवाए गए। जहां पर रिपेयरिंग की जरूरत थी, वहां पर रिपेयरिंग भी करवाई गई। कई सड़कों की रिपेयरिंग का कार्य अब भी जारी है। इसी प्रकार शहरी क्षेत्रों में नगरपालिकाओं और नगर परिषद द्वारा भी सड़कों की रिपेयरिंग और निर्माण करवाया गया।
जो राशि मंजूर हुई, उसके तहत 30 जून तक कार्य पूरा कर दिया जाएगा। इसी प्रकार मार्च में नई सड़कों के निर्माण और खस्ताहाल सड़कों की रिपेयरिंग का एस्टिमेट बनाया जाएगा और नए बजट वर्ष में जैसे मंजूरी मिलेगी तो कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे। हमारी डिविजन में जो कार्य चल रहे हैं, उनकी गति तेज करवाई जाएगी, क्योंकि 30 जून 2017 से पहले सभी कार्य पूरे करने हैं। हिसार रोड से डबवाली रोड तक के मिनी बाईपास का निर्माण भी शुरू हो गया है।
पीके जिंदल, कार्यकारी अभियंता बीएंडआर