गांव बिज्जूवाली-केहरवाला रोड पर माइनर के पास रोडवेज बस व एक कार की टक्कर में एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर रोडवेज की बस डबवाली से सिरसा वाया जीवननगर, रानियां जा रही थी। बिज्जूवाली गांव के पास सामने से आ रही कार में उसकी टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार सात लोग घायल हो गए। इनमें से तीन को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण अनित नंदन व रमेश गोदारा सहित अनेक लोग मौके पर पहुंचे व घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोरीवाला में भर्ती कराया।
डा. सोनिया जैन ने घायलों का उपचार करके सिरसा रेफर कर दिया। घायलों की पहचान खाजाखेड़ा निवासी कार चालक विनोद कुमार, रामकुमार व अभिलेख के रूप में हुई है और जो कि गांव गोरीवाला में अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। वहीं गोरीवाला पुलिस भी मौके पर पहुंची और पुलिस ने आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।