सिरसा।शहर के वार्ड नंबर 10 के भाईचारा ग्रुप के सदस्य उपायुक्त को ज्ञापन देते हुए। ग्रुप
सिरसा। शहर के वार्ड नंबर 10 के भाईचारा ग्रुप के गणमान्य वार्डवासियों ने वर्षों से चली आ रही गंभीर समस्याओं के समाधान के लिए उपायुक्त शांतनु शर्मा से मुलाकात की। वार्डवासियों ने लिखित रूप में बताया कि इलाके में सीवरों की सफाई न होने से घरों तक गंदा पानी भर रहा है और पीने के पानी में भी सीवर का पानी मिक्स होकर आ रहा है।
यही नहीं, थोड़ी सी बारिश होते ही केवी नंबर-2 व अन्य इलाकों में पानी जमा हो जाता है और खाली प्लॉटों में कचरा व गंदा पानी भरा रहता है।लोगों ने यह भी बताया कि वार्ड का एक मात्र चौधरी देवी लाल चिल्ड्रन पार्क सीवर के गंदे पानी से लबालब है। आवारा पशु और कुत्तों का आतंक आमजन के लिए खतरा बने हुए हैं।
बरसात के बाद मच्छरों की भरमार से डेंगू और अन्य बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है, लेकिन समय-समय पर फॉगिंग की व्यवस्था नहीं हो रही। इसके अलावा बिजली विभाग द्वारा सड़क किनारे अंदर की ओर खंभे लगाने से लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। उपायुक्त ने समस्याओं को गंभीर बताते हुए पब्लिक हेल्थ विभाग के एक्सईएन को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान एडवोकेट ओम प्रकाश अरोड़ा, सुरेंद्र शर्मा, राजेंद्र ढाका, देवी लाल, सतपाल पूनियां, एडवोकेट रजनीश बंसल, सुभाष सहारण समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
एसई से भी की शिकायत
वार्डवासी इसके बाद पब्लिक हेल्थ विभाग के एसई रविंद्र सिंह से भी मिले। उन्होंने बताया कि लगभग 10 कॉलोनियों की 40 हजार की आबादी इस वार्ड में रहती है और नीची जगह होने के कारण सीवर की समस्या आम दिनों में भी बनी रहती है। सदस्यों ने घरों और गलियों में भरे पानी की तस्वीरें और वीडियो भी दिखाए। एसई ने समस्या को गंभीर मानते हुए अधिकारियों को तत्काल सफाई अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक पूरे एरिया के सीवर साफ नहीं हो जाते और जनता संतुष्ट नहीं हो जाती, तब तक मशीनरी और सफाई कर्मी वहीं तैनात रहेंग।