काबू आरोपी पुलिस पार्टी के साथ। विज्ञप्ति
- फोटो : Sirsa
सीआईए कालांवाली ने गांव लक्कड़ांवाली के पीएनबी के प्रबंधक व उपप्रबंधक का अपहरण कर फिरौती वसूलने की गुत्थी को सुलझाते हुए पंजाब क्षेत्र से मंगलवार रात करीब 10 बजे चार बदमाशों को काबू किया है। वारदात को छह बदमाशों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लेते हुए गहनता से पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों ने अपहरण से पूर्व बैंक प्रबंधक की रेकी की थी।
बता दें कि पांच अप्रैल को पंजाब नेशनल बैंक लक्कड़ांवाली के प्रबंधक सिरसा निवासी कमल कटारिया व उपप्रबंधक हरमीत सिंह का बैंक में आते समय गांव साहुवाला प्रथम से छतरियां के बीच कार सवार छह लोगों ने अपहरण कर लिया था। बदमाशों ने उन्हें छोड़ने की एवज में सात लाख रुपये की फिरौती वसूली थी।
सीआईए कालांवाली ने बैंक प्रबंधक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से वारदात के समय के मोबाइल डंप उठाए। इस गुत्थी को सुलझाने के लिए एएसपी नीतीश अग्रवाल की देखरेख में सीआईए की तीन टीमें गठित की गई थीं। पुलिस को सुराग मिला कि इस वारदात का मास्टरमाइंड जगमालवाली निवासी जशनदीप है। आरोपी पंजाब पुलिस की कस्टडी से फरार चल रहा है और इस समय पंजाब के मलोट क्षेत्र में मौजूद है, जिसके बाद सीआईए ने आरोपी जशनदीप को मलोट क्षेत्र में वारदात के प्रयुक्त होंडा सिटी कार सहित घेर लिया। कार में जशनदीप के अलावा वारदात में शामिल साहिल उर्फ पेट्रोल निवासी डबवाली व बूटा सिंह निवासी शेरगढ़ भी सवार थे। सीआईए द्वारा घिरने के बाद तीनों आरोपी कार छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके से दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले के चौथे आरोपी हर्ष उर्फ ज्ञानी को भी डबवाली से काबू कर लिया।
कुख्यात अपराधी है जशनदीप
गांव जगमालवाली निवासी जशनदीप कुख्यात अपराधी है। उसने ही बैंक मैनेजर के अपहरण की साजिश रची थी। आरोपी जशनदीप के खिलाफ कालांवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इस मुकदमे में वह फरार चल रहा था। इसके अलावा भी आरोपी पंजाब क्षेत्र में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले में पुलिस कस्टडी से भागा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में फरार दो अन्य आरोपी डबवाली निवासी गुंजन व सुक्खी की भी धर-पकड़ के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस रिमांड अवधि में आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त हथियार और सात लाख की नकदी बरामद करेगी। वारदात मेें प्रयुक्त कार बरामद कर ली गई है।
वर्जन
इस गुत्थी को सुलझाने के लिए सीआईए की तीन टीमें बनाई गई थीं। चार आरोपियों को पंजाब क्षेत्र से काबू किया गया है। आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है। लूटपाट की अन्य वारदात के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी सुक्खी व गुंजन की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
- राजपाल सिंह, सीआईए इंचार्ज कालांवाली।