देर रात इंटरनेट सेवा शुरू होने के साथ ही गांव हमदपुर में राशन डिपो पर राशन लेने के लिए लगी लोगो
सिरसा। इंटरनेट शुरू होने के साथ ही जिले भर में राशन वितरण का कार्य तेजी से शुरू हो गया है। फरवरी माह के महज चार दिन राशन वितरण के बचे होने के कारण सुबह से ही डिपो पर लोगों की लंबी लाइनें देखने को मिली। डिपो संचालक ने सुबह ही राशन वितरण का कार्य शुरू कर दिया। जिससे बड़ी संख्या में लोगों को राशन मिला।
बता दें कि शनिवार को जिला प्रशासन के आदेशों के बाद डिपो धारकों ने वाई-फाई कनेक्शन लेकर कार्ड धारकों को राशन वितरण शुरू कर दिया था। लेकिन पूरी तरह से राशन वितरण मशीन वाईफाई पर कार्य नहीं कर रहे थे। ऐसे में जिलेभर के 70 प्रतिशत गरीब परिवार राशन से वंचित थे। रविवार को नेट शुरू होने के साथ ही बड़े स्तर वितरण कार्य हुआ। आंकड़ों के अनुसार जिले में 2 लाख 57 हजार 537 राशन कार्ड धारक हैं। इनको 502 डिपो से राशन मिलता है।
कुछ यू दिखा नजारा
ग्रामीण हो या शहरी राशन डिपो हो। सभी जगह इंटरनेट न होने के कारण राशन वितरण का कार्य अधर में लटका हुआ था। ऐसे में ग्रामीण एरिया में बड़ी बड़ी लाइनें राशन वितरण के दौरान देखने को मिली। राशन को लेकर महिलाओं की संख्या सबसे ज्यादा नजर आई। सुबह से लेकर देर शाम तक राशन डिपो संचालकों ने राशन का वितरण किया। जिससे की राशन वितरण का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण हो सके। राशन लेने के लिए आए ग्रामीणों के अनुसार इस बार तीन से चार दिन ही महीने के रहे है। नेट बंद होने के कारण हमने उम्मीद ही छोड़ दी थी। आज सुबह सूचना मिली कि नेट शुरू हो गया और राशन मिल रहा है तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। भले ही लाइन कितनी लंबी हो आज तो राशन लेकर ही घर जाएंगे।
वाईफाई से राशन वितरण कर रहे थे। वाईफाई से मशीन की स्पीड में दिक्कत आ रही थी। ऐसे में बहुत कम लोगों को राशन दिया जा सकता था। जैसे ही रात को तीन बजे नेट शुरू होने की जानकारी मिली। तो गांव के लोगों को सुबह ही राशन वितरण का कार्य शुरू कर दिया गया।
- चंद्रप्रकाश डिपो होल्डर, अहमदपुर