सिरसा। ठंड के मौसम के चलते रेलवे विभाग की ओर से यात्रियों की बढ़ोतरी व सुगमता को लेकर ठंड के मौसम में अतिरिक्त ट्रेनों की सुविधा दी जा रही है, ताकि ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों को कोई परेशानी न हो ओर सुगमता से यात्री ट्रेनों में सफर कर सकें। इसके लिए रेलवे विभाग की ओर से ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बों के माध्यम से व्यवस्था बनाई जा रही है।
रेलवे विभाग की ओर से गाड़ी संख्या 54754 व 54753, श्रीगंगानगर-बठिंडा-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस रेलसेवा में एक दिसंबर से 31 दिसंबर तक चार साधारण श्रेणी डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी की जा रही है। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 54756 व 54755, श्रीगंगानगर-बठिंडा-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस रेलसेवा में भी एक दिसंबर से 31 दिसंबर तक चार साधारण श्रेणी डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की जा रही है।
बढ़ती ठंड के कारण अधिकतर यात्री रेल से सफर करना अधिक पसंद करते हैं। यात्रियों का मानना है कि ठंड के मौसम में धुंध व कोहरे के चलते ट्रेन का सफर दोपहिया व चार पहिया वाहनों के मुकाबले सुगम व सुरक्षित रहता है। इससे ठंड के मौसम में ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इसी के चलते रेलवे विभाग भी अतिरिक्त व्यवस्था बनाने में लगा हुआ है। सिरसा रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन पांच हजार के करीब यात्री आवागमन करते हैं। वहीं ठंड के मौसम में यात्रियों की संख्या दो हजार के करीब बढ़ जाती है।
इन ट्रेनों में भी बढ़े डिब्बेगाड़ी संख्या 54766 व 54765, बठिंडा-धुरी- बठिंडा एक्सप्रेस रेलसेवा में एक दिसंबर से 31 दिसंबर तक चार साधारण श्रेणी डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की जाएगी। गाड़ी संख्या 14734 व 14733, जयपुर- बठिंडा- जयपुर रेलसेवा में दो दिसंबर से एक जनवरी तक दो साधारण श्रेणी डिब्बों की बढ़ोतरी होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 54704 व 54703, जयपुर- बठिंडा- जयपुर रेलसेवा में जयपुर से तीन दिसंबर से दो जनवरी तक और बठिंडा से चार दिसंबर से तीन जनवरी तक दो साधारण श्रेणी डिब्बों की बढ़ोतरी की जा रही है।
-
रेलवे स्टेशन से यात्रियों को सफर के दौरान सुगमता के लिए अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था बनाई जाएगी। इससे ट्रेनों के सफर में यात्रियों को सुगमता होगी।
नरेंद्र कुमार, स्टेशन अधीक्षक, सिरसा।