सर्वे के दौरान गांव में मौजूद जल शक्ति मिशन की टीम।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। जल जीवन मिशन हर घर नल अभियान के तहत जन स्वास्थ्य विभाग ने जिले के 337 गांवों में लगभग 50 हजार अवैध पानी के कनेक्शनों को वैध कर दिया है। अब इन कनेक्शन वाले घरों में पीने के पानी के साथ-साथ बिल भी पहुंचा करेगा। विभाग की इस कवायद से जहां सरकार के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी, वहीं लोगों के अवैध कनेक्शन वैध की श्रेणी में आ गए।
जनस्वास्थ्य विभाग ने जल जीवन मिशन हर घर नल के तहत विभाग ने सर्वे कर 337 गांवों में 1 लाख 87 हजार घरों को इस अभियान के साथ जोड़ा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 337 गांवों के करीब 1 लाख 27 हजार परिवार पहले से ही बिल का भुगतान कर रहे थे। करीब 50 हजार घरों के कनेक्शन ऐसे थे जो पानी की सप्लाई का लाभ तो ले रहे थे लेकिन बिल का भुगतान नहीं कर रहे थे। अब 1 लाख 87 हजार घर पानी के बिल का भुगतान करेंगे।
पानी का भुगतान वर्ग के अनुसार
गांव में पानी के कनेक्शन का लाभ लेने वाले घरों को बिल का भुगतान करना पड़ेगा। जिनमें से जनरल व बीसी वर्ग के लोगों को 40 रुपये भुगतान करने होंगे। वहीं एससी वर्ग के कनेक्शन धारक को 20 रुपये प्रति माह पानी के बिल का भुगतान करना होगा।
विभाग द्वारा करवाया गया था सर्वे
विभाग द्वारा पिछले दो साल से मिशन के तहत घर-घर जाकर सर्वे करवाया जा रहा है। विभाग का यह सर्वे 2019 से शुरू हुआ था। इसे 2022 तक पूरा करने लक्ष्य रखा गया है। इस अवधि में विभाग द्वारा अब तक 1 लाख 87 हजार घरों का सर्वे किया गया है।
जल जीवन मिशन हर घर नल के तहत जिले के गांवों के 50 हजार पानी के कनेक्शनों को वैध कर दिया गया। अब कुल 1 लाख 87 हजार गांवों के घरों में पानी के कनेक्शनों का बिल का भुगतान उपभोक्ता को करना होगा। विभाग द्वारा आगे भी समय-समय पर अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाता रहेगा।
-राकेश सोगलान, जिला सलाहकार जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन