विधानसभा चुनाव के लिए आज यानी 15 अक्तूबर को होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मंगलवार को सभी 898 मतदान केंद्रों पर सभी पोलिंग पार्टियों को ईवीएम (इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन) और पोलिंग किट देकर रवाना कर दिया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. अंशज सिंह ने बताया कि मंगलवार को जिले में पड़ने वाली सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों ने पॉलिंग पार्टियों को ईवीएम सामान की किट सौंपी।
सुरक्षा की दृष्टि से सिरसा जिले की सीमाएं असामाजिक तत्वों और चुनाव में दुरुपयोग होनी वाली सामग्री के लिए पूरी तरह सील कर दी गई हैं।
सभी अंतरराज्यीय मार्गों पर पुलिस फोर्स के साथ नाकाबंदी की गई है। उन्होंने बताया कि कालांवाली, रानियां व ऐलनाबाद की पोलिंग पार्टियों को स्थानीय महिला बहुतकनीकी संस्थान सिरसा,
डबवाली की पोलिंग पार्टियों को डबवाली में और सिरसा की पोलिंग पार्टियों को पोलिंग किट व मशीनें स्थानीय सीएम के कॉलेज के ऑडीटोरियम में बांटी गईं। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध कर लिए गए हैं।
एसएमएस से देनी होगी सूचना
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सेक्टर ऑफिसर्स/सुपरवाइजर को विभिन्न प्रकार की घटनाओं की रिपोर्ट एसएमएस के जरिए देनी होगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक घंटे की रिर्पेाट सभी सेक्टर ऑफिसर/सुपरवाइजर रिपोर्ट भी देंगे। डॉ. अंशज सिंह ने बताया कि जिले में विभिन्न राज्यों से आने वाले सभी मार्गों को सील कर वाहनों की सर्विलेंस टीमों द्वारा जांच की जा रही है।
नाकों पर रहेगी चौकसी
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा नाकों पर कार्यरत सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी नाके से कोई भी शरारती तत्व, शराब व चुनाव में दुरुपयोग होने वाली किसी भी प्रकार की सामग्री जिला की सीमा में प्रवेश न कर पाए।
उन्होंने बताया कि चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए फ्लाइंग स्कवायड पेट्रोलिंग पार्टियों को जिम्मेवारी दी गई है। टोल फ्री नंबर 1800-180-1190 पर चुनाव से संबंधित किसी प्रकार की सूचना दी जा सकती है।