सिरसा। रक्षाबंधन पर्व पर हरियाणा सरकार की ओर से रोडवेज व सहकारी समिति की बसों में महिलाओं व 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों को 36 घंटे तक फ्री में यात्रा करवाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन सहकारी समिति बस संचालकों ने निर्देशों की पालना न करते हुए महिलाओं और बच्चों की भी टिकट काटी। मामले की सूचना अधिकारियों को मिली तो उन्होंने निजी बस में यात्रा करने वाली महिलाओं का मौके पर ही किराया वापस करवा दिया।
रक्षाबंधन पर्व पर शनिवार को दोपहर 12 बजे के बाद से रविवार रात 12 बजे तक महिलाओं और 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों को निशुल्क यात्रा करवाने के निर्देश हैं। सरकार द्वारा दी गई सुविधा का लाभ लेने के लिए दोपहर 12 बजते ही बस स्टैंड पर महिलाओं और बच्चों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। रोडवेज की 167 बसों को अलग-अलग रूटों पर समय अनुसार रवाना किया गया। हालांकि सहकारी समिति की बसों के 8 समय मिस रहे। ऐसे में रोडवेज अधिकारियों की ओर से आरटीओ को पत्र लिख मामले की सूचना भी दी गई है।
दिनभर रोडवेज कर्मचारी रहे बस स्टैंड पर तैनात
बस स्टैंड पर पहुंचने वाले यात्रियों को काउंटर की जानकारी देने के लिए रोडवेज की ओर से 37 कर्मचारियों को लगाया गया है। दिनभर कर्मचारी बस स्टैंड पर तैनात रहे और समय अनुसार बसों को रूट पर रवाना करते रहे। हालांकि कई रूटों पर यात्रियों की संख्या अधिक होने के चलते बसों के फेरे भी बढ़ा दिए गए। ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। दिनभर में 15 अतिरिक्त बसों को रवाना किया गया।
सहकारी समिति बस परिचालकों ने काटी महिलाओं की टिकट
सहकारी समिति की बसों में भी महिलाओं और बच्चों को फ्री में यात्रा करवाने के निर्देश थे। लेकिन समिति बस के परिचालकों ने महिलाओं और बच्चों की टिकट काट उनसे किराया वसूला। इस बात का पता चलने के बाद रोडवेज यातायात प्रबंधक राकेश कुमार, बस स्टैंड एसएस रतन लाल, सुशील कुमार, मदन लाल, ओमप्रकाश, विनोद, राजकुमार ने बस स्टैंड पर पहुंचे वाली निजी बस के यात्रियों से पूछताछ की तो कई ने परिचालक द्वारा किराया लिए जाने की बात स्वीकार की। जिसके बाद अधिकारियों ने परिचालक से यात्रियों का किराया वापस करवा दिया। वहीं परिचालकों ने कहा कि उनके पास जो पत्र पहुंचा है उसपर रविवार और सोमवार को फ्री सुविधा देने संबंधित जानकारी दी गई है।
बाजार में दिनभर लगी रही भीड़
वहीं पर्व को लेकर बाजारों में दिनभर महिलाओं की भीड़ लगी रही। महिलाएं राखियों और मिठाई की खरीदारी करती रही। कोरोनाकाल में बेपटरी हुई व्यवस्था से परेशान दुकानदार चहल पहल देखकर काफी खुश हुए। वहीं भीड़ के चलते बाजारों में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।
निजी बस परिचालक की ओर से महिलाओं की टिकट काटने पर यात्रियों का किराया वापस करवाते बस स्टैंड एसएस ?- फोटो : Sirsa