सिरसा। झारखंड से आर्मी ऑन डयूटी लिखकर ट्रक में 2,245 किलोग्राम चूरा पोस्त लेकर आने मामले में आरोपी विकास कुमार को पुलिस ने छह दिन के रिमांड पर लिया है। इसी मामले में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम आरोपी विकास को झारखंड लेकर गई है। जिस ढाबे से आरोपी ने ट्रक लिया था और कौन सा व्यक्ति उसे ट्रक देकर गया था। पुलिस की जांच का झारखंड में मुख्य उद्देश्य चूरापोस्त के मुख्य सप्लायर को पकड़ना है, ताकि इस नेटवर्क को तोड़ा जा सके।
झारखंड के बाद पुलिस आरोपी विकास को राजस्थान लेकर जाएगी। जहां श्रीगंगानगर में आरोपी को चूरा पोस्त पहुंचानी थी। जिस व्यक्ति को चूरा पोस्त पहुंचानी थी। उसके व्यक्ति को पकड़ने के साथ साथ जहां आगे सप्लाई की जानी थी। उन लोगों के नेटवर्क को खंगालेगी। पुलिस के अनुसार यह एक बड़ा नेटवर्क है और इसमें कई लोगों के शामिल होने की आशंका है।
यह था मामला
डिंग क्षेत्र एरिया में 20 अप्रैल को देर रात को सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने आर्मी ऑन डयूटी लिखे ट्रक की तलाशी ली थी। इस ट्रक में पुलिस को 2,245 किलोग्राम चूरापोस्त 117 कट्टों में बरामद हुई थी। पुलिस ने ट्रक चालक गंगानगर निवासी विकास कुमार को हिरासत में लिया था। विकास ने पूछताछ में बताया था कि वह झारखंड के रांची शहर से ट्रक लेकर आया है और उसे गंगानगर सप्लाई पहुंचानी है। पुलिस ने इसी मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को अदालत में पेश किया था। अदालत ने आरोपी को छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया था।