बाइक चोरी का मुख्य आरोपी राजेंद्र सिंह।
सिरसा। पुलिस का जिलेभर में नियमित रूप से वाहन चेकिंग एवं नाकाबंदी कर चालान काटने का अभियान जारी है। इसके तहत 20 जून को वाहनों की जांच के दौरान मुसाहिबवाला नाके पर चोरी का मोटरसाइकिल बरामद किया गया। इतना ही नहीं, पुलिस ने जांच अभियान के दौरान आठ चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कीं।
चेकिंग के दौरान जब इन दोपहिया वाहनों के इंजन और चेसिस नंबरों की जांच की गई तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल जिले की अलग-अलग जगहों से चोरी हुए थे। सभी के लिए अलग-अलग थानों से चोरी की शिकायत दर्ज है। इस अभियान के तहत पुलिस कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सभी आरोपियों को पुलिस अदालत में पेश कर जेल भेज चुकी है।
इन थानों में इस प्रकार हैं मामले दर्ज
थाना सिविल लाइन सिरसा - 3
सिटी थाना सिरसा - 2
रानियां - 1
रोड़ी - 1
सदर थाना सिरसा 1
इस प्रकार बरामद की डोडा पोस्त व अवैध हथियार
रोड़ी की राइडर टीम ने एक किलो 800 ग्राम डोडा पोस्त भी बरामद किया। एक अन्य टीम ने एक अवैध पिस्तौल और छह कारतूस बरामद किए थे। एसपी सिरसा ने बेहतरीन काम करने वाली राइडर टीमों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
मोटरसाइकिल चोरी का मुख्य आरोपी प्रोडक्शन वारंट पर लिया
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी ढाणी शोभा सिंह गांव करीवाला थाना रानियां निवासी राजेंद्र सिंह उर्फ जितेंद्र को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि नेजाडेला निवासी हरकिरत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2021 में मेडिसिटी अस्पताल के पास उसका मोटरसाइकिल कोई अज्ञात युवक चोरी करके ले गया था। आरोपी से चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर लिया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।