सिरसा। वर्ष 2025 में सिरसा पुलिस ने नशा तस्करों, मेडिकल नशा बेचने वालों और अन्य गैर-कानूनी धंधों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि एक वर्ष की अवधि में 681 तस्करों को पकड़ा गया और उनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए। वर्ष 2025 में अब तक नशा तस्करों के खिलाफ 365 मामले दर्ज किए गए हैं।
इन मामलों में 681 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 30 करोड़ रुपये मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।वहीं, सालभर शराब तस्करों और अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। आबकारी अधिनियम के तहत 188 मामले दर्ज किए गए, जिसमें 210 लोग गिरफ्तार हुए।
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष पखवाड़ा अभियान चलाया गया। 54 मामले दर्ज कर 77 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं,सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ 79 मामले दर्ज कर 155 लोगों की गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 26 लाख 84 हजार 885 रुपये नकद बरामद किए गए है। एसपी ने बताया कि एक साल में पुलिस ने 15 आपराधिक गैंग का पर्दाफाश किया और 13 इनामी बदमाशों सहित 226 भगोड़ों को पकड़ा। आरोपियों से करीब 14 लाख 43 हजार 450 रुपये की चल-अचल संपत्ति बरामद की गई।
तस्करों से बरामद मादक पदार्थ
- 10 किलो 997 ग्राम हेरोइन
- 27 किलो 855 ग्राम अफीम
- 2,861 किलो 645 ग्राम चूरा पोस्त
- 60 किलो गांजा पत्ती
- दो लाख 44 हजार 801 नशीली गोलियां और कैप्सूल
शराब तस्करों से मिली इतनी शराब
- 10,416 बोतल अंग्रेजी शराब
- 6,914 बोतल देसी शराब
- 581 बोतल अवैध शराब
- 9,242 बोतल बीयर
- 4,615 लीटर लाहन
-
बदमाशों से मिले हथियार
- 54 अवैध पिस्तौल
- 286 कारतूस
- दो मैगजीन
युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रयास
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि नशा तस्करी पर कार्रवाई के साथ-साथ सिरसा पुलिस युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रम चला रही है। नशे की लत में फंसे युवाओं की पहचान कर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से उनका इलाज करवाया जा रहा है और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाया जा रहा है।
-
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से किया आह्वान
दीपक सहारण ने आमजन से अपील की कि नशा तस्करों या किसी गैर-कानूनी गतिविधि की सूचना बेझिझक पुलिस को दें। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि सिरसा में नशा तस्करों को पांव नहीं पसारने दिए जाएंगे, उनकी असली जगह जेल है। अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जिला सिरसा में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। चाहे अपराधी कहीं भी छिपे, पुलिस उन्हें ढूंढकर जेल भेजेगी।