नहरी पानी चोरी को रोकने और नहरी पानी की कमी के लिए दी गई शिकायतों पर कार्रवाई न होने के विरोध में सोमवार को जमाल और कुतियाना गावों के किसानों ने जमाल चौक पर जाम लगा दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग व जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। करीब पंाच घंटे तक चले जाम से राहगीरों, विशेषकर गोगा मेड़ी मेला जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पडा़। बाद में कार्यकारी अभियंता एम एस बूरा द्वारा नहरी पानी की आपूर्ति के आश्वासन के बाद किसानों ने रास्ता खोला।
गांव जमाल और कुतियाना के किसानों ने नहरी पानी चोरी रोकने की मांग को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराते हुए 21 अगस्त को जमाल चौक पर जाम लगाया था। अधिकारियों ने उन्हें मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। लेकिन कोई कारवाई नहीं हुई।
इस पर सोमवार को गांवों के डुंगर राम ,मकेश, विजय,जगतपाल, रोहताश, मधुसूदन, सागरमल, विकास सहित काफी संख्या में किसानों ने जमाल चौक पर सुबह नौ बजे नोहर-चौपटा, सिरसा-जमाल और चौपटा-जमाल मार्ग पर जाम कर दिया।
सूचना पर नाथूसरी चौपटा के नायब तहसीलदार सतबार सिंह, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभिंयता एम एस बूरा, एसडीई एस पी मेहता व जमाल पुलिस चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद किसानों को मनया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब दो बजे किसानों ने जाम खोल दिया।