डबवाली अदालत से पेशी भुगतकर कालांवाली लौट रहे पिता-पुत्रों पर दर्जन भर लोगों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से घायल हुए पिता-पुत्रों को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। अस्पताल में उपचाराधीन कालांवाली निवासी अमनदीप ने बताया कि काफी समय पहले उसने कालांवाली निवासी दीपू पर हमला करके उसे घायल कर दिया था। इसी कारण दीपू की उससे रंजिश चली आ रही है।
सोमवार को उसकी झगडे़ के एक मामले में डबवाली अदालत में पेशी थी। वह अपने भाई परविंद्र सिंह व पिता दर्शन सिंह के साथ कार में सवार होकर डबवाली अदालत गया था। पेशी भुगतने के बाद वे कार में सवार होकर कालांवाली आ रहे थे कि कंडा फैक्टरी के पास अनेक लोग एकदम से कार के आगे आ गए। इनमें दीपू, जग्गा, सोनू, जस्सा आदि शामिल थे। उक्त सभी ने उन पर देसी पिस्तौल से फायरिंग की।
एक गोली अमनदीप के हाथ पर गली और अंदर फंस गई। इसके बाद धारदार हथियारों से दीपू और उसके साथियों ने हमला बोल दिया। अमनदीप का कहना है कि दीपू व उसके साथी उसे उठाकर जस्सा सिंह की ढाणी ले आए। इसी दौरान अमनदीप का चाचा गुरदीप सिंह अपने साथियों के साथ वहां आ गया, जिसे देख हमलावर फरार हो गए। हमले में भाई परविंद्र सिंह व पिता दर्शन सिंह के शरीर पर काफी गहरी चोटें आई हैं।
गुरदीप सिंह ने घायलों को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। सूचना मिलने पर कालांवाली पुलिस घायलों के बयान दर्ज करने अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घायलों की मेडिकल रिपोर्ट देखी। अमनदीप के हाथ में 315 बोर की गोली हड्डी के बीच फंसी हुई है। थाना प्रभारी सुभाष बिश्नोई ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।