संवाद न्यूज एजेंसी
चोपटा। स्थानीय अनाज मंडी में वीरवार को आखिरकार धान की खरीद को लेकर शुरू हो गई है। मंडी में कई किसान अपनी उपज लेकर पहुंचे। खरीद होने पर आढ़तियों व किसानों ने मिठाई बांट कर खुशी जताई।
पिछले पांच छह सालों में इस बेल्ट में भी धान की बिजाई शुरू हुई है। घग्गर से आने वाले बरसाती पानी ने किसानों को धान की ओर प्रेरित किया। ऐसे में किसानों को धान बेचने के लिए 28 किलोमीटर दूर सिरसा मंडी में जाना पड़ता था। इससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ती थी। किसान निरंतर चोपटा में ही धान की खरीद शुरू करने की मांग कर रहे थे।
चोपटा आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान सेठ बंसी बेनीवाल ने बताया कि धान की खरीद शुरू होने से नाथूसरी कलां, तरकांवाली, शाहपुरिया, शक्करमंदोरी, रूपाना गंजा, रूपाना खुर्द, नहराना, नारायण खेड़ा, माखोसरानी, कैरांवाली, दड़बा कलां, मानक दिवान, लुदेसर, रूपाना खुर्द, रूपावास सहित अनेक गांवों के किसानों को फायदा मिलेगा।
किसान बोले- सिरसा जाने का बचेगा खर्च
किसान भाल सिंह खैलरी, देवीलाल, मांगेराम, सतपाल, रामपाल ने कहा कि सिरसा में धान बेचने के लिए जाना पड़ता था। अलसुबह उठकर जाते थे तब सुबह सही समय पर मंडी में पहुंचते थे। ट्रालियां भरकर 28 किलोमीटर सिरसा मंडी जाना किसानों के लिए आफत था। चोपटा में धान की खरीद शुरू होने से फायदा होगा। अब धान बेचने में कोई दिक्कत नहीं होगी। सिरसा जाने वाला सारा खर्च बच जाएगा।