संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। 33 हजार क्विंटल धान घोटाले के मामले में मुख्य आरोपी राजेश खन्ना की पत्नी कांता खन्ना को आर्थिक अपराध शाखा पुलिस ने 2 मई को गिरफ्तार कर पूछताछ की। आरोपी कांता खन्ना को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिली हुई थी। इसलिए पुलिस ने आरोपी कांता खन्ना को पुलिस बेल पर छोड़ दिया गया।
इस मामले में आरोपी राजेश खन्ना को भी पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत मिली हुई है। इस मामले में पुलिस ने सिरसा आढ़ती एसोसिएशन प्रधान प्रेम बजाज को भी आरोपी बनाया हुआ है। गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रेम बजाज ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। 8 अप्रैल को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने प्रेम बजाज को राहत देते हुए अग्रिम जमानत दे दी।
धान घोटाले में मुख्य आरोपी राजेश खन्ना की फर्म के साथ फर्जी बिलिंग के जरिये कारोबार दर्शाने वाले श्री पंचमुखी बाला जी ऑयल मिल के संचालक राजेश बंसल की जमानत याचिका 17 अप्रैल को सिरसा सत्र न्यायालय ने खारिज कर दी है। पुलिस की ओर से श्री पंचमुखी बाला जी ऑयल मिल के बैंक खाते सीज करवाए गए हैं।
शिकायतकर्ता संजय जैन पुत्र ज्ञान चंद जैन निवासी सूरतगढि़या बाजार सिरसा ने सदर थाने में 8 अगस्त 2024 को आरोपी राजेश खन्ना के खिलाफ धोखाधड़ी व विश्वासघात के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। जांच अधिकारी राम निवास का कहना है पहले बीएनएस 2023 की धारा 318 (2) और 316 (2) के तहत अभियोग दर्ज किया था। अब पुलिस ने जांच के दौरान बीएनएस की जगह आईपीसी की धारा जोड़ दी है।