ऑक्सीजन किल्लत को दूर करने के लिए सिरसा में आस्ट्रेलिया के एक एनआरआई की क्लीन मैक्स कंपनी प्लांट लगाएगी। प्रशासन ने पत्राचार करके अपनी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय और कंपनी को भेज दी है। प्रशासन ने तीन जगहों का चयन किया है, जिनमें सिरसा, ऐलनाबाद और डबवाली शामिल है। हालांकि जगह का चयन कंपनी करेगी कि वह सिरसा में कहां पर ऑक्सीजन प्लांट लगाएगी। सिरसा में ऑक्सीजन का कोटा करीब साढ़े सात मीट्रिक टन प्रतिदिन है। मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद ऑक्सीजन की जरूरत और बढ़ने लगी है। ऐसे में डीसी प्रदीप कुमार ने प्रदेश सरकार के एसीएस पीकेदास के माध्यम से सोलर सिस्टम लगाने वाली आस्ट्रेलियन एनआरआई की क्लीन मैक्स कंपनी से बातचीत की। सामाजिक दायित्व का निर्वाह करते हुए एनआरआई ने सिरसा में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की हामी भर दी है। तत्पश्चात डीसी प्रदीप कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बैठक करके प्रस्ताव तैयार करवाया। प्रशासन ने कंपनी को सिरसा, ऐलनाबाद व डबवाली सिविल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने का प्रस्ताव भेजा है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यालय को भी रिपोर्ट भेज दी है।
जानकारी अनुसार कंपनी अगले दस दिनों में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए मशीनरी सिरसा भेज देगी, इसके बाद मशीनरी को स्थापित करने में दो दिन का समय लगेगा। इस प्रोजेक्ट पर करीब 90 लाख रुपये का खर्च आएगा जो कि एजेंसी खुद ही वहन करेगी। प्लांट वातावरण की हवा को फ्यूरीफाइयर करके ऑक्सीजन में बदलेगा। वहीं दिल्ली की एक सामाजिक संस्था ने भी सामाजिक दायित्व का निर्वाह करने हेतु सिरसा में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए डीसी के साथ पत्राचार किया है। संस्था ने ऐलनाबाद सीएचसी में ही ऑक्सीजन प्लांट लगाने में रुचि ली है।
आठ मई को हुई थी किल्लत, खुद डीसी ऑक्सीजन लेने पहुंचे थे हिसार
आठ मई को सिरसा में ऑक्सीजन की किल्लत हुई थी तब आईएमए ने डीसी के साथ बैठक की। स्थिति गंभीर होते देखकर डीसी प्रदीप कुमार दोपहर को हिसार स्थित ऑक्सीजन प्लांट में पहुंचे। उपायुक्त ने कंपनी को ऑक्सीजन किल्लत की स्थिति से अवगत करवाया। इसके बाद उसी दिन डीसी ऑक्सीजन का टैंकर लेकर खुद सिरसा आए। वहीं ऑक्सीजन को लेकर सिरसा में ज्वाला गैस एजेंसी में भी एक ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम चल रहा है जिसमें कि कुछ तकनीकी खामी को दूर करने के लिए मंडी गोबिंदगढ़ से इंजीनियर को बुला गया है। वहीं सरकार ने भी सिविल अस्पताल में करीब एक हजार लीटर क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट मंजूर किया है जिसे नेशनल हाईवे अथारिटी ऑफ इंडिया द्वारा लगाया जाएगा। इसका प्रस्ताव भी सरकार के पास गया हुआ है। यह प्लांट सिरसा सिविल अस्पताल में स्थापित किया जाएगा।
आस्ट्रेलिया के एक एनआरआई की कंपनी ने सिरसा में ऑक्सीजन प्लांट लगाने में रुचि दिखाई है। हमने प्रस्ताव भेज दिया है। कंपनी अपने खर्च पर ऑक्सीजन प्लांट लगाएगी। काम जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। -प्रदीप कुमार, डीसी, सिरसा।