फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: डबवाली में ओवरलोड ट्राला बना हादसे का कारण, स्कूटी सवार गंभीर घायल

Tue, 04 Nov 2025 11:49 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
डबवाली में बोरियों से भरा ओवरलोडेड ट्रक। 
विज्ञापन
डबवाली। शहर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस व परिवहन विभाग की लापरवाही के चलते ओवरलोड ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्राले सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं। इन ओवरलोड वाहनों के कारण जहां सड़कें बदहाल हो रही हैं, वहीं आमजन की जान भी खतरे में पड़ गई है। मंगलवार को ओवरलोड ट्राला हादसे का कारण बना और स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन

धान उठान को लेकर ओवरलोडिंग वाहनों पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जो हादसों का कारण बन रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह अनाज मंडी में धान का उठान कार्य चल रहा था। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने धान का ओवरलोड ट्राला बिजली के तारों में उलझ गया। ट्राले के जोर से बिजली का पोल उखड़ गया और ट्राले के पीछे से स्कूटी लेकर गुजर रहे गांव मसीता निवासी गुरुप्रेम सिंह के ऊपर जा गिरा। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। नागरिक अस्पताल डबवाली में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिरसा रेफर कर दिया गया। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। इस हादसे के बाद शहरवासियों ने अपना रोष जताया और पुलिस व आरटीओ विभाग से ओवरलोडेड वाहनों पर कार्रवाई करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार घायल गांव मसीतां निवासी 52 वर्षीय गुरुप्रेम सिंह है। हादसे में गुरुप्रेम सिंह के पैर में फ्रैक्चर आया है और शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आई हैं। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्राले को कब्जे में ले लिया। वहीं, विद्युत विभाग के कर्मियों ने पहुंचकर बिजली पोल को हटाया और सप्लाई बहाल करने का कार्य शुरू किया।
विज्ञापन


ट्रैक्टर-ट्रॉली तक गुजरते हैं ओवर लोडिंग
लोगों ने बताया कि मंडी से जहां हर रोज बड़ी संख्या में वाहन ओवरलोडिंग होकर गुजरते हें। इनमें ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक, ट्राले आदि शामिल हैं। इनके कारण कई सालों तक चलने वाली सड़कें कुछ ही महीनों में टूट जाती हैं और गड्ढे हो जाते हैं। भारी वाहन इन गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे घंटों तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का कृषि कार्यों के बजाय व्यावसायिक उपयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। जो एक बड़ी समस्या है। उसमें कम अनुभवी लोग इन्हें चलाते हैं जो हादसों का कारण बनती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। साथ ही सड़कों की मरम्मत और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की भी आवश्यकता है।

हर माह 200 से अधिक ओवरलोड वाहनों की जांच की जाती है और उन पर जुर्माना भी लगाया जाता हैं। डबवाली में जो हादसा हुआ है, उसकी जांच की जाएगी। ओवरलोड वाहन चालकों को चेतावनी दी जाती है कि वे नियमों के अनुसार ही बोझ भरें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।-संजय बिश्नोई, आरटीए सिरसा

डबवाली में ओवरलोड ट्राले के कारण हादसा हुआ है, तो ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी वाहन चालकों को हिदायत दी जाएगी कि वे ओवरलोडिंग से बचें और यातायात नियमों की पालना करें।-राजकुमार, ट्रैफिक पुलिस प्रभारी, डबवाली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें